
अजमेर। जिला कलक्टर श्री भवानी ंिसंह देथा ने दीपावली पर्व के अवसर पर आमजन को दी जाने वाली आवश्यक सेवाओं बिजली, पानी को नियमित बनाए रखने एवं अन्य सुरक्षात्मक प्रबंध के संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए है।
श्री देथा के अनुसार दीपावली पर्व आगामी 21 से 25 अक्टूबर तक सम्पूर्ण जिले में मनाया जाएगा। इस मौके पर प्रत्येक व्यक्ति, संस्थान, प्रतिष्ठान द्वारा व्यापक रोशनी का प्रबन्ध किया जाता है। दीपोत्सव आनन्द आयोजन में विद्युत विभाग द्वारा उक्त पांच दिवस की अवधि में निरन्तर विद्युत आपूर्ति बनाये रखना आवश्यक है ताकि आमजन में विद्युत आपूर्ति को लेकर अंसतोष व्याप्त ना हो, साथ ही पर्व के दौरान विद्युत संबंधी शिकायतों का भी अविलम्ब समाधान किया जाए। इसी क्रम में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति करने एवं पाईप लाईनों के रख-रखाव आदि की समुचित कार्यवाही सुनिश्चित कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आतिशबाजी के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से निपटने हेतु मुस्तैद रहने एवं पर्याप्त मात्रा में स्टॉफ, दवाईयां, रोगी वाहन, चिकित्सा टीमों आदि की व्यवस्था करने के निर्देश प्रदान किए है। श्री देथा ने स्थानीय निकाय के अधिकारियों को दीपावली पर्व के अवसर पर लोगों की अपेक्षा के अनुरूप समुचित सफाई, रोशनी, आदि की व्यवस्था एवं दुर्घटना की स्थिति में अग्निशमन यंत्रों की सुचारू व्यवस्था के हेतु अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए।