अजमेर। जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए संकल्पबद्घ है। गांवों के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। जल संसाधन मंत्री प्रो. जाट बुधवार को नसीराबाद के कानाखेड़ी और बेवंजा गांव में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। प्रो. जाट ने कानाखेड़ी ग्राम पंचायत में खेल मैदान के लिए अपने कोष से आवंटित दस लाख रूपये के चार दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
यहां उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए प्रो. जाट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे गांव और गरीब के विकास के लिए संकल्पबद्घ है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए खूब काम करवाया जा रहा है। विकास की इस गति को धीमा नहीं पडऩे दिया जाएगा।
प्रो.जाट ने कहा कि कानाखेड़ी गांव में खेल मैदान को पूर्ण रूप से विकसित किया जाएगा। खेल मैदान के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बेवंजा गांव में सामूदायिक भवन के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। उन्होंने ग्रामीणों को कहा कि क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम में पुष्कर विधायक श्री सुरेश सिंह रावत, जिला प्रमख श्रीमती सीमा माहेश्वरी, पूर्व जिला प्रमुख श्रीमती सरिता गैना, जिला परिषद सदस्य श्री राजेन्द्र रावत एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।