भाईश्री ने झाडू लगा कर दिया स्वच्छता का संदेश

_DSC0795-सुमित सारस्वत- ब्यावर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान के तहत सोमवार को ब्यावर में भी सफाई अभियान का आयोजन किया जाएगा। गुजरात राज्य में स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एम्बेसेडर अंतरराष्ट्रीय संत रमेश भाई ओझा ने भारत माता सर्किल से अभियान की शुरूआत की। भाईश्री ने लगातार तीन घंटे तक तेजा चौक, तेलियान मोहल्ला, सुभाष उद्यान क्षेत्र में झाडू लगाकर सफाई की। इस दौरान संत केवलराम, संत विजयराम व संत गोपालराम भी साथ थे। संतों ने न सिर्फ झाडू लगाई बल्कि अपने हाथों से कचरा भी उठाया। भाईश्री ने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि अपने घर की तरह शहर को भी स्वच्छ रखें। स्वच्छता रहेगी तो सभी स्वस्थ रहेंगे। युवा पीढ़ी से कहा कि दूसरों के लिए प्रेरणा बनें। युवा देश में बदलाव ला सकते हैं। मजबूत इच्छाशक्ति व सकारात्मक सोच के साथ कर देश को नई दिशा की ओर ले जाएं। जिस तरह विदेशों में नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हैं उसी तरह हम भी अपने देश के प्रति दायित्व समझें। सफाई कार्य के दौरान प्रभातफेरी परिवार के सदस्यों ने हरिनाम संकीर्तन किया।

कचरा उठाने वाला बेहतर
सुभाष उद्यान में महिला सफाईकर्मियों से मुलाकात में भाईश्री ने कहा, ‘आप सभी पुनीत कार्य कर रही हैं। समाज में कचरा उठाने वाला बेहतर होता है। गंदा तो कचरा करने वाला है। इसीलिए आज में भी आपकी बिरदारी में आ गया।Ó भाईश्री ने सफाईकर्मियों से बच्चों की शिक्षा को लेकर भी चर्चा की। महिलाओं से कहा कि जिस तरह बेटों को शिक्षित कर रही हो वैसे ही बेटियों को भी पढ़ाओ।

हरिजन का बढ़ाया मान
सफाईकर्मी प्रदीप से बात करने पर भाईश्री भावुक हो गए। बातचीत में पता लगा कि प्रदीप सातवीं पास है। गरीबी की वजह से आगे शिक्षा अर्जित नहीं कर पाया। इस पर भाईश्री ने कहा कि सेवा ही सच्ची पूजा है। हरिजन परमात्मा को प्रिय है। भाईश्री ने सफाईकर्मी का मान बढ़ाने के लिए उसके साथ फोटो भी खिंचवाया।

देवालयों में नवाया शीश
स्वच्छता अभियान के तहत भाईश्री ने मार्ग में आए कई मंदिरों में जाकर नमन किया। लोकदेवता तेजाजी महाराज, दरियावजी, सुभाष उद्यान स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर, गणपति मंदिर में दर्शन कर पूजा की। हनुमान मंदिर के महंत हरिकिशन सारस्वत ने भाईश्री का माला पहना कर अभिनंदन किया। जगद्गुरु शंकराचार्य निरंजनदेव तीर्थ के स्मारक पर उनके वंशज उमाकांत द्विवेदी ने भाईश्री का अभिनंदन किया। इस स्थान पर भाईश्री ने काफी समय तक श्रमदान किया।

अन्नशाला में परोसा भोजन
सफाई कार्य करते हुए भाईश्री बिचड़ली तालाब की पाल पर जिंदल परिवार की ओर से संचालित अन्नशाला में भी पहुंचे। यहां अपने हाथों से गरीबों को भोजन परोसा। चपाती और लड्डू परोसते हुए बातचीत भी की। वहां भोजन कर रहे कैलाश ने बताया कि वह अशिक्षित है और दुकान पर मजदूरी करता है। भाईश्री ने उसे कहा कि जिस काम में लगे हो उसे मन लगाकर करो। उद्यान में संचालित प्याऊ पर पानी पीने के बाद वहां सेवा कर रहे नाथूलाल सेन को 500 रुपए भेंट दी।

दुकानदारों को दी नसीहत
_DSC0739सड़कों पर झाडू लगाते हुए भाईश्री ने कई दुकानदारों को नसीहत दी। पुष्कर चायवाले, ओमप्रकाश कचौरी वाले व अन्य दुकानदारों के पास जाकर उनसे बात की और दुकान के आसपास कचरा न फैलाने की नसीहत दी। उन्होंने दुकान के पास कचरापात्र रखने व सड़कों पर कचरा न फैलाने की बात भी कही।

तालाब की दुर्दशा पर जताई चिंता
बिचड़ली तालाब की दुर्दशा देखकर भाईश्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हम नदियों के संरक्षण की बात कर रहे हैं और यहां हमारे तालाब भी संरक्षित नहीं है। भाईश्री ने मौके पर ही सभापति बबीता चौहान से वार्ता कर सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि तालाब हमारे शहर की आबरु और प्राण हैं। इसकी रक्षा करना हमारा कत्र्तव्य है। हम अपनी जिम्मेदारी को समझें और इसे प्रदूषित होने से बचाएं। उत्सवों में इको फ्रेंडली मूर्ति उपयोग में लें। कचरा निस्तारण की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। प्रयास किए जाएं कि शहर के नालों का पानी तालाब में न पहुंचे। सौंदर्यकरण में व्यापारियों की मदद ली जाए।

संतों के साथ बढ़े हाथ
स्वच्छता अभियान में विधायक शंकर सिंह रावत, आयुक्त मुरारीलाल वर्मा, सभापति बबीता चौहान, उपसभापति सुनील मूंदड़ा, भाजपा महामंत्री रमेश बंसल, साधना सारस्वत, पार्षद उमा खंडेलवाल, कौशल्या तुनगरिया, पूजा कुमावत, हार्दिक भाई, विमल भाई, माणकचंद जिंदल, अशोक कुमार, विजय बहादुर, श्यामसुंदर जिंदल, कमल जिंदल, गौरव, नितेश, अजय, आलोक गुप्ता, माणक डाणी, महेंद्र सलेमाबादी, सुमित सारस्वत, गोपाल शर्मा, संजय गर्ग सहित धार्मिक, सामाजिक व अन्य संगठनों से जुड़े सैंकड़ों शहरवासियों ने संतों के साथ इस पुनीत यज्ञ में आहुति दी।

error: Content is protected !!