केंद्रीय संयुक्त महामंत्री विनायक राव देशपाण्डे होंगे मुख्य वक्ता
-सुमित सारस्वत- ब्यावर। विश्व हिन्दू परिषद के स्वर्ण जयंती समारोह के तहत 11 जनवरी को जिला हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को आशापुरा माता मंदिर परिसर में मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी व नारी शक्ति मंच की बैठक आयोजित हुई। इसमें दुर्गावाहिनी की प्रांत संयोजिका अभिलाषा यादव यादव ने बताया कि सन् 1964 को जन्माष्टमी के अवसर पर देश की पूज्य संत शक्ति के सानिध्य में विहिप की स्थापना हुई थी। इस वर्ष स्थापना के पचास वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। विशाल शोभायात्राओं, हुतात्मा रक्तदान शिविरों व अन्य सफल आयोजनों के बाद जिला हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। विहिप जिलाध्यक्ष नितेश गोयल के अनुसार यह सम्मेलन आगामी 11 जनवरी को दोपहर 12.15 बजे ब्यावर के आशापुरा माता धाम में आयोजित होगा। हिन्दू संगम में करीब पांच हजार लोग एकत्रित होने का अनुमान है। विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री विनायक राव देशपाण्डे व साध्वी अनादि सरस्वती सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता शिरकत करेंगे। आस पहाड़ धूणी के महंत महावीर पुरी, संत केवलराम रामस्नेही, महंत द्वारकागिरी, महंत फतेहगिरी व गोपाल गुरु सहित कई संत-महात्माओं का सानिध्य भी होगा। विहिप जिला मंत्री सुरेश वैष्णव के अनुसार सम्मेलन में ब्यावर जिले से जुड़े ब्यावर शहर, मसूदा, बांदनवाड़ा, भिनाय, बिजयनगर, जवाजा, टॉडगढ़, भीम, खरवा, मांगलियावास, पीसांगन, जेठाना, भांवता, देलवाड़ा, सुहावा, अंधेरी देवरी, आसन, बड़कोचरा, बणजारी, सूरजपुरा सहित कई गांवों के हजारों लोग भाग लेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन के लिए वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। ब्यावर शहर में मातृ शक्ति को आमंत्रित करने के लिए महिला कार्यकर्ता घर-घर जनसंपर्क करेंगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक के अंत में बजरंग दल जिला संयोजक हेमंत कुमावत ने शांति पाठ करवाया। बैठक में अजमेर से आईं पार्षद भारती श्रीवास्तव, दुर्गावाहिनी जिला संयोजिका तारा सोनी, पार्षद शशिबाला सोलंकी, पूजा कुमावत, भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री साधना सारस्वत, संगीता द्विवेदी, भारती कुमावत, अर्चना लोहिया, रेखा गुप्ता, ममता पाखरोट, पुष्पा खटोड़, ममता गुप्ता, सुनीता साहू सहित कई महिलाओं ने भाग लिया।
(सारस्वत मीडिया…सबसे पहले, सबसे तेज)