गुरूवार को भी होगा पंजीकरण कार्य
बीकानेर, 23 अगस्त। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय विशेष योग्यजन शिविर-2017’ के तहत बुधवार को आयोजित विशेष पंजीयन शिविर में 4 हजार विशेषयोग्यजन के पंजीयन सहित जिले में कुल 10 हजार 126 विशेषयोग्यजनों का पंजीयन किया गया।
जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने बताया कि बुधवार को आयोजित किए पंजीकरण शिविर के क्रम में गुरूवार को भी मिशन मोड पर विशेषयोग्यजनों के पंजीकरण का कार्य जिले के प्रत्येक अटल सेवा केन्द्र व ई मित्र केन्द्रों पर किया जाएगा। इसमें शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी व फील्ड स्तर के कार्मिक कार्य करेंगे। “सभी का प्रयास एक साथ” की भावना के तहत जिले के समस्त विशेषयोग्यजनों का पंजीकरण करवाया जाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद््देश्य दिव्यांगजनों का शतप्रतिशत पंजीयन करवाना है, जिससे उन्हें समस्त विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने बताया कि गुरूवार को भी इस सम्बंध में अटल सेवा केन्द्रों व ई मित्र केन्द्रों पर पंजीकरण का कार्य निः शुल्क किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल डी पंवार ने बताया कि जिले के उपनगरीय क्षेत्र के तहत बीकानेर में 274, देशनोक में 58, नोखा में 196 व श्रीडूंगरगढ़ में 96 सहित कुल 624 पंजीयन किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 9 हजार 502 पंजीयन हुए, इनमें से बीकानेर में 1538, खाजूवाला में 791, कोलायत में 512, लूणकरनसर में 1343, नोखा में 1287, पांचू में 1811 व श्रीडूंगरगढ़ में 2220 पंजीकरण किए गए। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के अटल सेवा केन्द्र पर पंजीयन शिविर के सुचारू संचालन के लिए संबंधित पटवारी व ग्राम सेवक द्वारा संयुक्त रूप से हैल्प-डैस्क स्थापित की गई। पंजीयन के लिए आए दिव्यांगजनों का समस्त विवरण ग्रामवार संधारित रजिस्टर में किया गया।
—-
डूंगर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नामांकन प्रक्रिया सम्पन्न
बीकानेर 23 अगस्त। राजकीय डूंगर महाविद्यालय में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव नामांकन की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। प्राचार्य डॉ. बेला भनोत ने बताया कि अध्यक्ष पद हेतु अशोक कुमार पुत्र रामेश्वरलाल, ओमप्रकाश, अशोक कुमार मेघवाल, अशोक कुमार पुत्र भरताराम, मनोज गोदारा, मनोज कुमार एवं कुलदीप विश्नोई सहित कुल सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
भनोत ने बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए रामेश्वरलाल, रोहित गोदारा, बनवारी लाल बाना, रामचन्द्र मेघवाल, प्रेमप्रकाशा मेघवाल, टीकूराम, ऋषिराज सिंह, भरत मूण्ड, मनीष डेलू, विजय पाल गोदारा, महेश भाम्भू एवं मनीष कुमार सहित कुल बारह उम्मीदवार, महासचिव पद हेतु सुरेन्द्र सिंह, अजय हल्दुनिया, भगवानाराम जाट, आेंकार नाथ, अशोक कुमार मेघवाल एवं निहाल चन्द सहित छह उम्मीदवार तथा संयुक्त सचिव पद हेतु सुनील जाट, मुन्नीराम कस्वां, अनिल कुमार गोदारा, अरूण आचार्य, बाबूलाल जाट एवं अरविन्द मेघवाल सहित छह उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतीश कौशिक ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूर्णतया शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई एवं गुरूवार को दोपहर एक बजे तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे।
—-
मातृ मृत्यु दर विषयक कार्यशाला गुरूवार को
बीकानेर, 23 अगस्त। मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के संबंध में पीबीएम अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में गुरूवार को एनएआरसीएचआई संस्था द्वारा कार्यशाला आयोजित की जाएगी। प्रधानाचार्य डॉ आर पी अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को प्रसव पश्चात रक्तस्त्राव के कारण होने वाली जटिलताओं के सम्बंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।