बीकानेर, 26 अक्टूबर। गृह विज्ञान महाविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित फ्रेशर पार्टी में मोनिका ने मिस फ्रेशर तथा चेतनांश ने मिस्टर फ्रेशर का खिताब जीता। वहीं सुमित्रा विश्नोई फस्र्ट तथा धारयित्री सैकंड रनर अप रहीं। महाविद्यालय की अधिष्ठाता डाॅ. दीपाली धवन ने बताया कि गृह विज्ञान महाविद्यालय में पहली बार छात्रों ने भी दाखिला लिया है, इस कारण इस बार मिस्टर फ्रेशर भी चुना गया। उन्होंने बताया कि प्रीति लखोटिया एवं वैशाली सोनी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। फ्रेशर पार्टी की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस दौरान डाॅ. धवन ने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद एवं एपीजे अब्दुल कलाम जैसे महापुरूषों के पद्चिन्हों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में विद्यार्थी मताधिकार का उपयोग जरूर करें। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। शुक्रवार को ही महाविद्यालय के नर्सरी स्कूल में ‘दीवाली सेलिब्रेशन’ आयोजित किया गया। छोटे-छोटे बच्चों को दीपावली के बारे में बारे मे बताया गया। इस दौरान महाविद्यालयों की छात्राओं द्वारा निर्मित रंग-बिरंगे दीये, फोटो फ्रेम आदि की प्रदर्शनी लगाई गई। कुलपति प्रो. बी. आर. छीपा ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने नर्सरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। वहीं नर्सरी स्कूल की ‘अभिभावक-शिक्षक बैठक’ भी आयोजित की गई। इस दौरान सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ. प्रसन्नलता तथा क्लब एडवाइजर मंजू राठौड़ भी मौजूद रहीं।
—–
महाविद्यालय स्तरीय स्वीप गतिविधियों की हुई समीक्षा
बीकानेर, 26 अक्टूबर। शहर के विभिन्न महाविद्यालयों में स्वीप गतिविधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला परिषद में आयोजित हुई। बैठक में कैम्पस एम्बेसडर की नियुक्ति के पश्चात् महाविद्यालय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। स्वीप कलैण्डर के अनुसार गतिविधियां आयोजित करने, इनमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी, महाविद्यालयों में वंचित विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए एक दिवसीय निर्वाचक नामांकन उत्सव आयोजित करने तथा महाविद्यालयों में बूथ लेवल वाॅलियेंटर नियुक्त करते हुए विशेष योग्यजनों को सुगम मतदान में सहायता संबंधित विषय पर भी चर्चा हुई।
सहायक निदेशक (काॅलेज शिक्षा) डाॅ. दिग्विजय सिंह ने महाविद्यालय स्तर पर आयोजित स्लोगन लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं, महासंकल्प एवं मेहंदी मांडणा कार्यक्रम सहित अब तक की गतिविधियों में भागीदारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरुकता अभियान में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक में राजकीय डूंगर काॅलेज के रविशंकर वर्मा, डाॅ. शालिनी मूलचंदानी, एमएस काॅलेज प्राचार्य डाॅ. उमाकांत, डाॅ. रजनीरमण झा, बीजेएस रामपुरिया काॅलेज के डाॅ. पंकज जैन, बीजेएस विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. अनंत जोशी, ज्ञान विधि महाविद्यालय के विद्याधर कुमार सैनी, राजकीय विधि महाविद्यालय की डाॅ. विभा शर्मा, बिन्नाणी काॅलेज के डाॅ. घनश्याम व्यास तथा श्री जैन कन्या महाविद्यालय की डाॅ. संध्या सक्सेना तथा स्वीप कमेटी सदस्य श्याम सुंदर ज्याणी मौजूद रहे।