एनसीसी दिवस पर जनजागरूकता रैली निकाली

अजमेर। राष्ट्रीय कैडेट कोर देश का सबसे बड़ा संगठन हैं, जिसमें कैडेट्स को जीवन के विभिन्न आयामों को ध्यान में रखते हुए देश भक्ति, अनुशासन और एकता, नेतृत्व, सहचर्य, आत्मविश्वास जागृत करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। हर साल नवम्बर के आखिरी रविवार को पूरे देश में एनसीसी दिवस मनाया जाता है। शनिवार को 2 राज नेवल यूनिट एनसीसी के तत्वाधान में 400 नेवल कैडेट्स द्वारा एक जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को कमान अधिकारी 2 राज नेवल यूनिट एनसीसी के कप्तान संजीव कपूर द्वारा फ्लैग ऑफ किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य एनसीसी के बारे में अजमेर वासियों को जागरूक करना है। इसके साथ ही वृक्षारोपण, कन्या भू्रण हत्या, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, ऐड्स जैसे सामाजिक मुद्दों आदि पर भी रैली द्वारा नागरिकों को जागरूक किया गया।
रैली 2 राज नेवल यूनिट एनसीसी से शुरू होकर अनासागर लिंक रोड, जवाहर रंगमंच, सावित्री कॉलेज, आजाद पार्क, जवाहरलाल नेहरू अस्पताल होते हुए बंजरंगगढ चौराहा विजय स्मारक पर पहुंची। जहां कप्तान संजीव कपूर द्वारा शहीद वीरों को श्रद्धांजली देते हुए पुष्प चक्र अर्पित किया गया। साथ ही कमान अधिकारी 11 राज बटालियन एनसीसी ले. कर्नल विजय विक्रम सिंह बोरा द्वारा भी पुष्प चक्र अर्पित किये गये। इसके बाद अधिकारी कैडेट्स, पी स्टाफ और उपस्थित सिविलियन स्टाफ द्वारा दो मिनट का मौन रख कर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजली दी गई।
इसी तरह राजकीय महाविद्यालय में 11 राज बटालियन एनसीसी द्वारा एनसीसी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एनसीसी कैडेट्स ने अपनी प्रस्तुति दी। साथ ही यूनिट के कमान अधिकारी संत कुमार और अन्य अधिकारियों ने शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजली दी।

error: Content is protected !!