कोटा 19 फरवरी। कोटा को भूटान की राजधानी थिम्पू की तर्ज पर ट्रेफिक लाइट फ्री शहर बनाने वाले अतिमहत्वकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत गोबरिया बावडी चौराहे पर बने पहले अंडरपास में तकनीकी खामी व भ्रष्ट आचरण के साथ-साथ गलत डिजाईन के कारण अंडरपास की दीवारों से लेकर जमीन तक से 12 से अधिक स्थानों पर सीपेज व लीकेज हो रहा है आधे अंडरपास की सड़कों में दरारे पड़ गई है तथा ब्लॉक के ज्वॉइंट चौडे हो गए है और बीच में से दरारे आ रही है यह कहना है भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर का। दिलावर आज गोबरिया बावड़ी चौराहे पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने स्वंय विशेषज्ञों की टीम के साथ पहुंचे थे।
दिलावर ने कहा कि टैक्स के रूप में जनता की गाडी कमाई का पैसा पानी में बहाया जा रहा है जिन कामों की आवश्यकता नहीं थी उन कामों को करवाकर चौराहों व शहर की सूरत को बदसूरत बनाया जा रहा है जबकि शहर की कॉलोनियों एवं बस्तियों में आज भी सड़के, नालियां, पेयजल सुविधा व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को लोग तरस रहे हैं। लेकिन एक सोची समझी रणनीति के तहत भारी-भरकम राशि के कामों को स्वीकृत कर मोटी धनराशि भ्रष्ट आचरण से अपनी जेबों में पहुंचे उसी को ध्यान में रखते हुए जल्दबाजी में लिए गए निर्णय के तहत बिना डिजाईन, तकनीकी जानकारी का अभाव इन प्रोजेक्ट में खामियों का कारण रहा है।
दिलावर ने यह भी कहा कि इस प्रोजेक्ट पर लगभग 35 करोड़ रूपये खर्च होंगे और यह नहीं कहा जा सकता कि इतनी राशि खर्च होने के बाद भी यह कब हादसों को न्यौता दे क्योंकि अंडरपास में नीचे की ओर जो सरिये लगाये गए है वे गर्मी के मौसम में प्रसारित होंगे ओर बाहर की ओर निकलने के कारण गंभीर हादसे होंगे। दिलावर ने सरकार से मांग की है कि कोटा शहर में चल रहे सभी प्रोजेक्टो की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से भ्रष्ट आचरण की जांच की जानी आवश्यक है साथ ही दूसरी ओर तकनीकी विशेषज्ञों की स्पेशल टीम से भी इन सभी कामों की जांच भी आवश्यक है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके और तकनीकी दृष्टिकोण से रही खामियों को दुरूस्त किया जा सके अन्यथा इन प्रोजेक्टो के निर्माण में रही खामियों के कारण शहर की जनता में दहशत का माहौल हमेशा बना रहेगा।