कांग्रेस सेवादल की आजादी गौरव पदयात्रा का मदार गेट पर पुष्पवर्षा व आतिशबाजी से कांग्रेसियों ने किया जोरदार स्वागत
अजमेर, 6 मई। कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने कहा है कि भाजपा समाज को तोड़ने का काम करती है लेकिन कांग्रेस जोड़ती है। आजादी की जंग में मुखबिरी करने वाले आज समाज को बांटने में लगे हैं।
वे आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर सेवादल की तरफ से निकाली जा रही आजादी की गौरव यात्रा के शुक्रवार को मदार गेट पहुंचने पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह गौरव पदयात्रा 6 अप्रैल को गांधीजी के साबरमती आश्रम से प्रारंभ हुई। यात्रा ने गुजरात के विभिन्न शहरों, गांवों, कस्बों से होती हुई 15 अप्रैल को रतनपुर बॉर्डर से राजस्थान में प्रवेश किया। राजस्थान के विभिन्न शहरों व गांवों से होती हुई आज अजमेर आई।
यात्रा आज शाम को प्रकाश रोड से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई मदार गेट पहुंची, जहां शहर कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश झालीवाल की अगुवाई में सैकड़ों कांग्रेसजन ने पुष्पवर्षा व आतिशबाजी से जोरदार स्वागत किया।
देसाई ने उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गौरव पदयात्रा निकालने की जिम्मेदारी सेवादल को सौंपी है। यह यात्रा 710 किमी का सफर तय कर अजमेर पहुंची है। यात्रा एक जून को दिल्ली में राजघाट पहुंच कर सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि हम चोरों से लड़ने के लिए जोरशोर से निकले हैं। हम समाज को तोड़ने वालों के हर मंसूबों को नाकाम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें अनेक स्वतंत्रता सेनानियों व महापुरुषों के बलिदान से आजादी मिली है। आजादी के आंदोलन में अपना नाखून तक नहीं कटवाने वाले आजादी की कीमत क्या जानें। उन्होंने कहा कि हमें आजादी भीख में नहीं, बल्कि त्याग और बलिदान से मिली है तो हम उनकी कुर्बानी को कैसे भूल सकते हैं।
देसाई ने कहा कि आज खुद को देश का रक्षक बताने वाले भक्षक बने हुए हैं। उन्होंने ने कहा कि भाजपा की सरकारें गरीबों का आशियाना नहीं बना सकती हैं तो कोई बात नहीं, लेकिन आशियानों पर बुलडोजर चलाकर लोगों को क्यों उजाड़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा डंडे से समाज व लोगों को तोड़ती है, लेकिन कांग्रेस जोड़ने का काम करती है। सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत ने भी विचार व्यक्त किए। शहर कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष झालीवाल ने देसाई व शेखावत का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा व आतिशबाजी की। सेवादल के पूर्व शहर अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल देशराज मेहरा ने देसाई व शेखावत को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेंद्र सिंह रलावता, पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय जैन, पूर्व मेयर कमल बाकोलिया, एससी आयोग के सदस्य प्रताप यादव, पार्षद गजेंद्र सिंह रलावता, प्रमिला कौशिक, महेन्द्र जोधा,सुरेश लद्दड़, कल्पना भटनागर, द्रौपदी कोली, लक्ष्मी धोलखेड़ीया,हेमन्त जोधा,शम्सुद्दीन, अनुपम शर्मा,मनीष सेन,हरिप्रसाद जाटव, सर्वेश पारीक, विजय नागौरा गुरुबख्श लबाना,आलोक भारद्वाज, हुमायु खान,शहनाज खान,वेद प्रकाश हाड़ा,चंद्रर पहलवान,अशोक दुलानी,चितलेश बंसल,बाबूलाल साहू,देवेन्द्र आसरवा,राजा साहू,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।