कांग्रेस सरकार मध्यावधि चुनाव करा ले, मुगालता दूर हो जाएगा-देवनानी

-मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस विधायकों पर दबाव बनाकर डलवाए वोट
-सत्ता और सरकारी मशीनरी का जमकर किया दुरूपयोग
-निर्दलीय व नाराज कांग्रेसी विधायकों के आगे हुए नतमस्तक

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 12 जून। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि अपनी सरकार बचाने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यसभा चुनाव में कांगे्रसी विधायकों,र्निदलीय विधायको,अन्य पार्टी के विधायको को प्रलोभन दिया गया एवं दबाव बनाकर वोट डलवा लिए। लेकिन गहलोत मुगालते में नहीं रहें, अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है। गहलोत को यदि कोई गुमान हो, तो मध्यावधि चुनाव करवा कर देख लें।
देवनानी ने जारी बयान में कहा कि राज्यसभा चुनाव में गहलोत ने सत्ता और सरकारी मशीनरी का जमकर दुरूपयोग किया। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव अपने विधायकों निर्दलीय विधायको,अन्य पार्टी के विधायको पर दबाव बनाकर और उन्हें प्रलोभन देकर जीता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास खोने को कुछ भी नहीं था। किंतु भाजपा ने एक्स्ट्रा वोट पाने के लिए प्रयास किया। इससे कांग्रेसी खेमे में जबर्दस्त खलबली मच गई। मुख्यमंत्री गहलोत को निर्दलीय और कांग्रेस के नाराज विधायकों के आगे नतमस्तक होकर उनकी हर बात माननी पड़ी। यही कारण है कि इन विधायकों के कहने पर सत्ता का दुरूपयोग किया गया और अधिकारियों के तबादले किए गए।
देवनानी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में दबाव से वोट लेकर जीतना अलग बात है और जनता के बीच जाकर विधानसभा चुनाव जीतना अलग बात है। इसलिए कांग्रेस मुंगेरी लाल के हसीन सपने नहीं पाले और मध्यावधि चुनाव करा ले, उसका सारा मुगालता दूर हो जाएगा, क्योंकि पूरे प्रदेश में जनता सरकार की नाकामी और सभी मोर्चों पर विफलता से खासी परेशान है। भीषण गर्मी में पूरी बिजली और पानी नहीं मिलने से जनता रोजाना तकलीफ पा रही है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह चैपट हो चुकी है। आए दिन हत्या, बलात्कार, डकैती, लूटपाट और महिला अत्याचारों की घटनाएं हो रही हैं। पिछले करीब एक माह से राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस सरकार जनता को अपने हाल पर जीने के लिए छोड़ दिया।
देवनानी ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांगे्रस सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। जनता भाजपा की तरफ आशाभरी निगाहों से देख रही है। जनता यह बात अच्छी तरह जानती है कि प्रदेश में सुशासन केवल भाजपा ही दे सकती है। कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री चाहे जितने दावे कर लें, लेकिन जनता इस बार सत्ता से बाहर करके ही दम लेगी।

error: Content is protected !!