श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्द्धमान इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन डिजाइनिंग एवं मेकअप आर्टिस्ट विभाग में 2022-2023 बैच की छात्राओं का दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया।जिसमें महाविद्यालय प्राचार्य डा. आर.सी. लोढा, वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डा. नरेन्द्र पारख, सहमंत्री सुनील जी ओस्तवाल द्वारा 60 छात्राओं को डिप्लोमा डिग्री प्रदान की गयी।
महाविद्यालय प्राचार्य डा. आर.सी. लोढा ने छात्राओं को अपने उद्बोधन में बताया कि हमारा ध्येय छात्राओं को महानगरीय आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। आज हमें यह बताते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है की इस बैच का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा और इसी बैच की कई छात्राएं महानगरों में अपनी प्रतिभा के दम पर एक अलग पहचान बनाई है।
इस अवसर पर शिक्षण समिति मंत्री डा. नरेन्द्र पारख ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नही शुरूआत है और दुनिया आपके योगदान का इंतजार कर रही है। आज का यह क्षण कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में फैशन डिजाइनिंग विभाग की पूर्व छात्रा अदिशी जैन ने मनमोहक प्रस्तुति दी साथ ही पूर्व छात्राओं क्रमशः मानवी गोयल और आर्ची जैन ने कॉलेज से जुड़े अपने अनुभव सभी के समक्ष साझा किए। कार्यक्रम के अंत में विभाग प्रभारी छवि गरवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर व्याख्याता रितु प्रजापति, प्रियंका मंगरोला, शबाना शेख,नीलम खत्री, अंजलि जांगिड सहित समस्त संकाय सदस्य व छात्राएं उपस्थित रही।