सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण: आर.के. मार्बल व महाविद्यालय का सराहनीय योगदान

विश्वविद्यालय परिसर में हाई मास्ट लाइट्स से बढ़ी सुरक्षा, घटा अंधकार

जनहित व छात्र हित में आगे आयें समाजसेवी: एमडीएसयू में रोशनी की नई किरण

कुलगुरु की प्रेरणादायक पहल: सहयोग से सशक्त हो रहा विश्वविद्यालय परिसर

अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर परिसर में छात्र हित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल के तहत पांच हाई मास्ट लाइट्स स्थापित की गई हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य को श्री रतनलाल कांवरलाल पत्नी गर्ल्स कॉलेज, मदनगंज किशनगढ़, अजमेर द्वारा, आर.के. मार्बल के श्री अशोक पाटनी की प्रेरणा एवं श्री सुभाष अग्रवाल के विशेष प्रयासों से साकार किया गया। इन हाई मास्ट लाइट्स के स्थापित होने से विश्वविद्यालय परिसर में रात्रि के समय व्याप्त अंधकार समाप्त हुआ है, जिससे न केवल परिसर की सुंदरता में वृद्धि हुई है, बल्कि विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई है।  विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो॰ सुरेश कुमार अग्रवाल ने इस जनोपयोगी योगदान के लिए आर.के. मार्बल के श्री अशोक पाटनी एवं श्री सुभाष अग्रवाल सहित संबंधित संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होने बताया कि विश्वविद्यालय सदैव छात्र हित एवं जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है, और इस प्रकार के सहयोग से न केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होता है, बल्कि एक सुरक्षित एवं समृद्ध शैक्षणिक वातावरण का निर्माण भी संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अन्य महाविद्यालयों, संस्थाओं एवं समाजसेवियों को भी विश्वविद्यालय एवं समाज के विकास हेतु आगे आने की प्रेरणा देती है। कुलगुरु ने आगे कहा कि यह पहल इस बात का सशक्त संदेश देती है कि जब समाज, शैक्षणिक संस्थान एवं उद्योग जगत मिलकर कार्य करते हैं, तो विकास की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी अधिकाधिक भामाशाह एवं संस्थाएं इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगी।

error: Content is protected !!