फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय गहन प्रशिक्षण संपन्न
अब प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को देंगे तकनीकी ट्रेनिंग
अजमेर, 23 अप्रैल। भारत की प्रथम डिजिटल जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए अजमेर जिले में फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय गहन तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण के पूर्ण होने के साथ ही जिले को दक्ष प्रशिक्षकों की एक ऎसी टीम मिल गई है, जो अब फील्ड में तैनात होने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक एवं उप जिला जनगणना अधिकारी श्री फूल सिंह ने संभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस राष्ट्रीय महायज्ञ की मुख्य धुरी बताया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन राष्ट्रीय मास्टर ट्रेनर श्री युधिष्ठिर प्रसाद वर्मा और राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री समीर शर्मा ने संभागियों को सीएमएमएस पोर्टल पर यूजर मैनेजमेंट, पंजीकरण के विभिन्न चरणों और उनकी भूमिकाओं का लाइव प्रदर्शन कर तकनीकी बारीकियां समझाईं। तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ फील्ड में परिवारों से संपर्क करने के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। ट्रेनर्स को सिखाया गया कि उत्तरदाताओं से शिष्टाचार और धैर्यपूर्वक संवाद कर उनका विश्वास जीतना है। संवेदनशील परिस्थितियों में सत्यनिष्ठा के साथ सटीक डेटा एकत्रित करना है।
सहायक सांख्यिकी अधिकारी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह शेखावत ने फील्ड की चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की। फील्ड ट्रेनर्स की तैयारी के बाद अब जिला प्रशासन अपना पूरा फोकस मॉनिटरिंग और जमीनी क्रियान्वयन पर शिफ्ट कर रहा है।