“लर्निंग के साथ अर्निंग: प्राणीशास्त्र विभाग में नए अवसरों की शुरुआत”
“एम.डी.एस. विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स पार्टी: विद्यार्थियों ने संभाली आयोजन की कमान”
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के प्राणीशास्त्र विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो॰ सुरेश कुमार अग्रवाल रहे, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन से विद्यार्थियों को जीवन में संस्कारों के महत्व से अवगत कराया। अपने उद्घाटन संबोधन में कुलगुरु महोदय ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल बौद्धिक विकास का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों के निर्माण का भी प्रमुख स्थल है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों या करियर से नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और संस्कारों से निर्धारित होती है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि विद्यार्थी अपने साथ संस्थान की संस्कृति और परंपराओं को लेकर आगे बढ़ते हैं और वही उनकी वास्तविक पहचान बनती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि केवल ज्ञान और पद प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं है, यदि व्यक्ति में संस्कारों का अभाव हो, तो जीवन में संतुलन और संतुष्टि नहीं मिल पाती। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में भी मूल्य शिक्षा की अनिवार्यता को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने व्यक्तित्व में संस्कारों को आत्मसात करें।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन से हुई, जिसमें विभागाध्यक्ष प्रो॰ सुभाष चन्द्र ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि यह संपूर्ण कार्यक्रम विद्यार्थियों द्वारा ही आयोजित एवं संचालित किया गया, जो उनके सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राणीशास्त्र विभाग देश में सीबीसीएस आधारित पाठ्यक्रम के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 के बाद पहली बार विभाग में बड़े स्तर पर आधुनिक उपकरण (इंस्ट्रूमेंट्स) आने जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को उन्नत प्रयोगात्मक प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने “लर्निंग विद अर्निंग” की नई योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि विभाग में ड्रोसोफिला कल्चर, वर्मी कम्पोस्टिंग एवं ऑर्गेनिक कम्पोस्ट निर्माण जैसे प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी सीखने के साथ-साथ आय अर्जित भी कर सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम सेमेस्टर में ही नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो विभाग की गुणवत्ता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि भविष्य में विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर विभाग के सभी संकाय सदस्य, अतिथि शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण एवं आनंदमय बना रहा। अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।