ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, ब्यावर के अंग्रेज़ी साहित्य विभाग द्वारा छात्राओं की भाषाई दक्षता, साहित्यिक अभिरुचि एवं रचनात्मक प्रतिभा के विकास के उद्देश्य से ‘इंग्लिश लिटरेरी फेस्ट’ का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत समूह नृत्य, नवकार मंत्र एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राजकीय सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय के अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष डॉ. गुमान सिंह गहलोत का महाविद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा, संकाय सदस्यों एवं छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति में साहित्य और अभिव्यक्ति का यह उत्सव प्रारंभ हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि साहित्य व्यक्ति की संवेदनाओं को समृद्ध करता है तथा भाषा उसकी अभिव्यक्ति को प्रभावी बनाती है। उन्होंने छात्राओं को अध्ययन के साथ साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. गुमान सिंह गहलोत ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि साहित्य केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि समाज की चेतना का दर्पण है। भाषा और साहित्य विद्यार्थियों में व्यापक दृष्टिकोण, तार्किक सोच तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में अंग्रेज़ी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान, करियर और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे साहित्यिक आयोजन छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, प्रभावी अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं।
फेस्ट के दौरान छात्राओं ने ओजपूर्ण भाषण, भावपूर्ण कविता-पाठ, काव्य-गीत, विचारोत्तेजक वाद-विवाद प्रतियोगिता, शेक्सपियर के नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति, लिटरेरी डिवाइसेज़ पर अभिनव मंचन, आकर्षक समूह नृत्य, मॉडल एवं चार्ट प्रदर्शनी तथा साहित्य आधारित प्रश्नोत्तरी के माध्यम से अपनी भाषाई दक्षता, साहित्यिक समझ और रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रस्तुति ने अंग्रेज़ी भाषा के प्रति छात्राओं की रुचि, आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन लकी ड्रॉ, पुरस्कार वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम संयोजक एवं अंग्रेज़ी साहित्य विभाग की व्याख्याता अभिलाषा हंस ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, प्राचार्य, समस्त संकाय सदस्यों, प्रतिभागियों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया।