संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण

अजमेर, किशनगढ़, परबतसर, मकराना एवं डेगाना में मतदान व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा

अजमेर, 11 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान के दौरान शुक्रवार को अजमेर संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ एवं पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज डॉ. रवि ने संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने अजमेर, किशनगढ़, परबतसर, मकराना एवं डेगाना क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा मतदान दलों से मतदान की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, मतदान दलों की व्यवस्थाओं तथा आवश्यक संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि मतदान प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के समय मतदान दलों के साथ वार्तालाप किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रत्येक मतदाता की पहचान सुनिश्चित होने के उपरान्त ही मतदान करवाया जाए। मतदाताओं की पहचान आयोग के द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर की जानी चाहिए।

उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश प्रदान किए। स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदान समाप्ति के पश्चात मतदान सामग्री को जमा करते समय विशेष सावधानी बरते। मतदान दलों के कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि ने मतदान केन्द्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से आवश्यक जानकारी ली तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!