जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

अजमेर, 11 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने जिला पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला के साथ विभिन्न स्थानों पर मतदान केन्द्रों एवं स्ट्रॉग रूम का निरीक्षण किया।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान के दौरान शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने विभिन्न नगर निगम क्षेत्रों में स्थापित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। राजकीय बालिका विद्यालय पहाड़गंज, दयानन्द केसरगंज, बधिर विद्यालय वैशाली नगर, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय वैशाली नगर, सन्त कंवर राम विद्यालय आशागंज, जवाहर विद्यालय सिविल लाईन, ख्वाजा मॉडल विद्यालय, तोपदडा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में वार्ड संख्या 58 एवं 59, सेन्ट थॉमस स्कूल में वार्ड संख्या 42 एवं 50 तथा सेन्ट पॉलस स्कूल में वार्ड संख्या 48 के मतदान बूथों का अवलोकन किया। इसी प्रकार पुष्कर में राजकीय संस्कृत विद्यालय के बूथों का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही खादी ग्रामोद्योग भवन स्थित स्ट्रॉग रूम का अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया।

     जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा कर वहां संचालित मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान दलों से मतदान की स्थिति, व्यवस्थाओं तथा आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही मतदान केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। मतदाताओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त मानवीय संसाधन तैनात करने के निर्देश दिए।

     जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान लोकतांत्रिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

     निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, कतार प्रबंधन तथा शांतिपूर्ण मतदान के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

     जिला पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला ने मतदान केन्द्रों पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षा कार्मिकों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की संभावना को देखते हुए सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

     इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती पदमा देवी, ऎरिया मजिस्ट्रेट सुश्री निशा सहारण, तहसीलदार श्री ओम सिंह लखावत सहित अधिकारी साथ रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!