महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी द्वारा हिंदी दिवस पर आयोजित “शब्द यज्ञ” कवि सम्मेलन अपनी इन्द्रधनुषी काव्य छटा से बना यादगार

डीडी सह्याद्री चैनल पर 14 सितम्बर को होगा प्रसारण

मुंबई, 12 सितम्बर। महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी, मुंबई द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत दूरदर्शन के सह्याद्री चैनल के संयुक्त तत्वावधान में “शब्द यज्ञ” कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में महाराष्ट्र के कुल सात प्रबुद्ध रचनाकारों की विभिन्न विधाओं में सृजित रंग-बिरंगी कविताओं की इन्द्रधनुषी काव्य छटाओं ने इस काव्य संगम को यादगार बना दिया।
यह जानकारी देते हुए महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के सचिव एवं सह निदेशक सचिन निंबाळकर ने बताया कि यह साहित्यिक आयोजन मुंबई के प्रभादेवी स्थित पु. ल. देशपांडे नाट्य अकादमी के लघु सभागार में आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इस कवि सम्मेलन का सुरुचिपूर्ण सूत्र संचालन महानगर के वरिष्ठ गीतकार गजानन महतपुरकर ने किया। अन्य 6 सहभागी रचनाकारों में सुप्रसिद्ध मराठी अभिनेता एवं वरिष्ठ कवि किशोर कदम, महाराष्ट्र सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. अतुल पाटणे, वरिष्ठ साहित्यकार ओमप्रकाश तिवारी, अरुण दुबे “अविकल”, डॉ. अनिल गौड़ तथा अकोला से आई वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रीमती पूनम मानकर पिसे शामिल रहीं। इन रचनाकारों ने अपनी विविध रचनाओं में मानवीय अनुभूतियों, श्रृंगार रस, सामाजिक सरोकारों, देशभक्ति की भावनाओं, जीवन के फलसफ़े और सामाजिक संवेदनाओं को सशक्त अभिव्यक्ति प्रदान की। इस कवि सम्मेलन का प्रसारण हिंदी दिवस 14 सितम्बर, 2026 को दोपहर ढ़ाई बजे और पुनः प्रसारण रात्रि 10 बजे दूरदर्शन के सह्याद्री चैनल पर किया जायेगा। साथ ही इसे सह्याद्री के यू-ट्यूब चैनल पर भी देखा जा सकेगा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!