उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ प्रवासी राजस्थानियों से मिलेंगे सांसद नीरज डांगी

मारवाड़ के समाजसेवियों और उद्यमियों के साथ ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

विशेष संवाददाता

जयपुर। राजस्थान के लोकप्रिय नेता और राज्यसभा सांसद नीरज डांगी 29 सितंबर को मुंबई दौरे पर रहेंगे। ठाणे में आयोजित होने वाले ‘दर्शन सागर अवॉर्ड-2026’ समारोह में वे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर सूरीश्वरजी महाराज के सान्निध्य में होने वाला यह समारोह ठाणे में  एलबीएस रोड स्थित होटल टिप टॉप प्लाजा के बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया जाएगा। राज्यसभा में लगातार दूसरी बार पहुंचने एवं सदन में विपक्ष के सचेतक नियुक्त होने के बाद सांसद डांगी का यह पहला मुंबई दौरा है। उनके आगमन को लेकर मुंबई और महाराष्ट्र में रहने वाले राजस्थानियों, समर्थकों, शुभचिंतकों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

अपने इस दौरे में डांगी मारवाड़ क्षेत्र से जुड़े प्रमुख समाजसेवियों और उद्यमियों से भी मुलाकात करेंगे। समारोह में कांति मेहता, दिलीप चंदन, प्रवीण कोठारी, दिनेशभाई ठलियावाला और मनोज जैन सहित सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियों का सम्मान किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार मीरा-भायंदर के विधायक नरेंद्र मेहता को भी ‘दर्शन सागर जनगौरव सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ का आयोजन राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर सूरीश्वरजी महाराज के सान्निध्य में किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक सम्मान समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी अतिथियों के पहुंचने की संभावना है।

सांसद नीरज डांगी का मुंबई दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि मुंबई और ठाणे में बड़ी संख्या में राजस्थान और विशेष रूप से मारवाड़ क्षेत्र से जुड़े लोग सामाजिक, धार्मिक और कारोबारी गतिविधियों में सक्रिय हैं। ऐसे में डांगी का यह दौरा राजनीतिक मुलाकातों के साथ-साथ प्रवासी राजस्थानी समाज से संवाद का अवसर भी बनेगा। दर्शन सागर अवॉर्ड समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राज्यसभा सांसद नीरज डांगी के हाथों सम्मान प्रदान किए जाने की जानकारी समिति के प्रवीण शाह और निरंजन परिहार ने दी है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!