जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर किया नमन

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत किया श्रमदान

गांधीजी के स्वच्छ एवं सशक्त भारत के सपने को साकार करना हम सबकी जिम्मेदारी – श्री देवनानी

हम सब मिलकर अजमेर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाएंगे- श्रीमती अनामिका शर्मा

अजमेर 2, अक्टूबर। जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा एवं जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने गाँधी भवन पर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के पश्चात ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गांधी भवन परिसर व आस-पास के क्षेत्रों में श्रमदान किया। इस दौरान स्वच्छता का संदेश देते हुए परिसर की साफ-सफाई की गई तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि आज स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास गांधीजी के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। स्वच्छता के प्रति प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और सहभागिता ही इस अभियान को सफल बना सकती है। स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। आमजन अपने घर, कार्यस्थल, गली-मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी हमारे पथ प्रदर्शक एवं प्रेरणास्रोत हैं। उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वावलंबन और सेवा के विचार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। गांधीजी और उनकी शिक्षाएं सदैव हमारे हृदय में रहेंगी। उनके आदर्शों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें अपने दैनिक जीवन और व्यवहार में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने कहा कि राष्ट्रपिता के जीवन को हमेशा प्रेरणा के रूप मे लिए जाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि दोनों ही महापुरुषों का संपूर्ण जीवन हम सबके लिए अनुकरणीय है। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि हर लक्ष्य को धैर्य, त्याग और दृढ़ संकल्प से प्राप्त किया जा सकता है। इसी तरह भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री ने जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओ को खुद की समस्या मानकर समाधान की दिशा मे काम करते थे। उन्होंने अपना जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके जीवन से शिक्षा लेकर आत्मसात करना चाहिए। ऎसे महापुरुषों से हमें अपने जीवन में प्रेरणा लेनी चाहिए।

महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा मानते हुए समाज को स्वच्छता का संदेश दिया। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर अजमेर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाएंगे। इसके लिए नगर निगम, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से बनता है। नागरिक अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के प्रिय भजनों एवं रामधुनि ने वातावरण शांत एवं भक्तिमय बना दिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इस अवसर पर उप महापौर श्री हेमन्त सांखला, निगम आयुक्त श्री गौरव बुढानिया, भरत राज गुर्जर एवं पवन मीणा, पार्षद श्रीमती रूबी जैन, अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!