विकास की रफ्तार से बदलेगा अजमेर का स्वरूप- देवनानी

पिछले ढाई वर्षों में सैकड़ों-करोड़ रुपये के विकास कार्य, सड़क-पेयजल-चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जारी काम

जवाहर रंगमंच से ममता स्वीट्स तक 62.01 लाख तथा जवाहर नगर मुख्य सड़क के लिए 46.21 लाख रुपये के कार्य शुरू

     अजमेर, 6 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को रामभवन तिराहा पर आयोजित कार्यक्रम में जवाहर रंगमंच से ममता स्वीट्स तक सड़क निर्माण कार्य तथा जवाहर नगर मुख्य सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। दोनों कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों सहित आसपास की कॉलोनियों के नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

     विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने जवाहर रंगमंच से ममता स्वीट्स तक 62.01 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्य तथा जवाहर नगर में 46.21 लाख रुपये की लागत से मुख्य सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया।

एक ही दिन में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य शुरू

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि मंगलवार को अजमेर उत्तर क्षेत्र में एक ही दिन में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का शुभारम्भ किया गया है। सुबह वार्ड संख्या 4 स्थित संत कंवर राम कॉलोनी में 50 लाख रुपये से अधिक लागत के सड़क कार्य शुरू किए गए तथा शाम को जवाहर नगर क्षेत्र में भी सड़क निर्माण कार्य प्रारम्भ हुए हैं।

     उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार से जो भी आवश्यकताएं हों, उनके लिए प्रयास होंगे। क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी। अजमेर के विकास एवं विस्तार को गति देने के लिए प्रत्येक वार्ड का सुनियोजित एवं समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

ढाई वर्षों में सैकड़ों-करोड़ रुपये के विकास कार्य

     श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर के विकास की रफ्तार तेज करने के लिए पिछले ढाई वर्षों में सैकड़ों-करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। इनमें पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कार्य प्रगतिरत हैं। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही जयपुर रोड पर नया जीएसएस का निर्माण करवाया जा रहा है। इसी प्रकार वरुण सागर एवं चौरसियावास तालाब के सौन्दर्यीकरण का कार्य भी शीघ्र पूरा होगा। इससे आनासागर के साथ इन दोनों जलाशयों पर भी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

अजमेर को आधुनिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर

     विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद अजमेर में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। इनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा अनेक कार्य दीपावली तक पूरे हो जाएंगे। अजमेर प्रवेश द्वार, अशोक उद्यान से अम्बेडकर सर्किल तक सौन्दर्यीकरण तथा विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण सहित अनेक कार्य प्रगति पर हैं।

     उन्होंने कहा कि तारागढ़ के विकास के लिए भी कार्य शुरू किए जाएंगे और इसे प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। अजमेर शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाकर समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

     कार्यक्रम में नवनियुक्त महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, उप महापौर श्री हेमंत सांखला, पार्षद श्रीमती नलिनी शर्मा, श्री अनीश मोयल, श्री उदयवीर सिंह राठौड़, श्री गंगाराम सैनी, मंडल अध्यक्ष श्री रचित कच्छावा, श्री राजेंद्र राठौड़, श्री अजय नरूका सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!