मदन राठौड़ के विवादित बयान पर अजमेर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया विरोध

डॉ. राजकुमार जयपाल बोले— बयान की कड़ी निंदा, जरूरत पड़ी तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेंगे

अजमेर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आज ज्योतिबा फुले सर्किल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित विवादित बयान के विरोध में पुतला दहन कर प्रदर्शन किया गया। पुतला दहन से पहले मदन राठौड़ के पुतले की शव यात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, पार्षदों और विभिन्न अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि मदन राठौड़ का यह कथित बयान कि “अमेरिका और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ खड़े हैं” बेहद आपत्तिजनक है। कांग्रेस पार्टी इस बयान का पुरजोर विरोध करती है और मांग करती है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे नेताओं को बयान देते समय अपनी जिम्मेदारी और देश की भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए।

डॉ. जयपाल ने कहा कि कांग्रेस जनहित और राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी। यदि इस मामले में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो पार्टी धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

इस विरोध प्रदर्शन में डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी द्रौपदी कोली, विवेक पाराशर,गजेंद्र रलावता, मुकेश पवार,प्रवक्ता शैलेश गुप्ता , प्रताप यादव, प्रमोद शर्मा ईश्वर टहल्याणी सहित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारी, कांग्रेस पार्षद, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे।

शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!