प्रथम दिवस पर विभिन्न विभागों में हुई गतिविधियां आयोजित
अजमेर, एक नवंबर। एक से 7 नवम्बर तक आयोजित किए जा रहे ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के प्रथम दिवस पर अजमेर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वन विभाग द्वारा अजमेर वन मण्डल के विभिन्न स्थानों पर नेचर ट्रेल, मिशन लाइफ शपथ, जन-जागरूकता गतिविधियों एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शपथ ग्रहण एवं पौधारोपण गतिविधियां आयोजित की गईं।
आयुर्वेद विभाग द्वारा राजकीय आयुर्वेद नर्सिंग कॉलेज, अजमेर में ब्रिक्स सप्ताह का शुभारंभ किया गया। वहीं विभाग द्वारा स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
इसी क्रम में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा लघु उद्योग भारती एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, कायड़ माइंस के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, अजमेर में योग सत्र एवं स्वास्थ्य एवं जागरूक जीवनशैली संबंधी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने भाग लिया।
इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन एवं विभागीय कार्मिकों को योग एवं व्यायाम अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने, ऊर्जा एवं जल संरक्षण, एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने, कचरा एवं ई-कचरा कम करने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के आगामी दिवसों में भी निर्धारित थीम के अनुरूप विभिन्न विभागों द्वारा जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।