गुर्जरों ने की पायलट से रुख साफ करने की मांग

अजमेर। गुर्जर आरक्षण के नाम पर मुखर गुर्जर समाज में अब स्थानीय सांसद और केंद्रीय कम्पनी मामलात मंत्री सचिन पायलट के खिलाफ भी विरोध के सुर उठने लगे हैं। शुक्रवार को आरक्षण की मांग को लेकर आन्दोलन कर रहे गुर्जर छात्र संघ के नेताओं ने पायलट से मांग की है कि वे इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया स्पष्ट करें। आरक्षण की मांग को लेकर सडकों पर उतरे गुर्जर छात्रसंघ ने गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। कलेक्ट्रेट पर गुर्जर छात्रों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री गहलोत के पुतले को पहले जमकर पिटा और बाद में आग के हवाले कर दिया।
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संभाग प्रभारी ओम प्रकाश बढ़ाना ने आरोप लगाया कि गुर्जरों के मतों से जीते सचिन पायलट आरक्षण के मुद्दे पर चुप्पी साध कर समाज के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। इसका जवाब समय आने पर दिया जायेगा। बढ़ाना ने स्पष्ट किया है कि इस बार का आन्दोलन एक बार फिर कर्नल किरोड़ी बैंसला के नेतृत्व में होगा। गुर्जर छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि 19 फरवरी को कोर्ट का फैसला गुर्जर समाज के पक्ष में नहीं आया तो उग्र आन्दोलन किया जायेगा।
error: Content is protected !!