दिल्ली पहुंचे सूडान हमले में शहीद हुए सैनिकों के शव

bodies of five indianलखनऊ। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन पर विद्रोहियों के हमले में शहीद हुए पांच भारतीय सैनिकों के शव को बुधवार रात भारत ले आया गया। इनमें से एक शहीद का शव गुरुवार को उनके घर लखनऊ भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने इस घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने दिल्ली एयरपोर्ट पर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस हमले में जवानों समेत बारह लोगों की मौत हो गई थी।

सेना की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक इस हमले में मारे गए सैनिकों के नाम लेफ्टिनेंट कर्नल महिपाल सिंह, नायब सूबेदार शिवकुमार पाल, हवलदार हीरा लाल, हवलदार भरत सिंह एवं सिपाही नंद किशोर बताए गए हैं।

गुरुवार सुबह एयर इंडिया के विमान से शहीद शिवकुमार पाल के पार्थिव शरीर को लखनऊ लाया जाएगा। यहां सशस्त्र सलामी के बाद अंतिम संस्कार के लिए बैकुंठ धाम लाया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन की प्रवक्ता ने कहा, ‘शांति सैनिक बड़ी संख्या में थे और यह हमला उन्हीं को लक्ष्य कर किया गया था।’ हमले में दो दक्षिण सूडानी नागरिक भी मारे गए, जो पानी की एक कंपनी के लिए काम करते थे। दक्षिण सूडानी सेना के प्रवक्ता फिलिप एग्वेर ने याऊ याऊ विद्रोही संगठन पर हमले का आरोप लगाया है, संयुक्त राष्ट्र ने इसे अज्ञात हमलावरों की करतूत बताया।

error: Content is protected !!