साई संदीप रेड्डी ने फहराया परचम

sai pradipकानपुर, जागरण संवाददाता। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों एवं आईएसएम धनबाद आदि संस्थानों में प्रवेश के लिए हुई संयुक्त प्रवेश परीक्षा [जेईई] एडवांस : 2013 में आइआइटी मद्रास ने टॉपर सूची में दबदबा कायम किया है। मद्रास जोन के साई संदीप रेड्डी ने प्रथम रैंक लाकर देश में नाम रोशन किया है। लड़कियों के वर्ग में रतलाम की अदिति लढ्डा [6वीं] टॉपर रहीं तो दूसरा स्थान तिरुपति की शिवबाला लीना माधुरी [8वीं] ने पाया।

बीते दो जून को हुई जेईई एडवांस

2013 में 1 लाख 26 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे जिनमें 9885 सीटों के सापेक्ष 21110 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इसमें 18718 लड़के एवं 2392 लड़कियां हैं। आइआइटी जेईई की चेयरमैन प्रो. फाल्गुनी गुप्ता ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों में 156 अंक से ऊपर पाने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया हैं। काउंसलिंग में कॉमन मेरिट लिस्ट [सीएमएल] से 7436 रैंक तक, ओबीसी में 4188 रैंक तक, एससी में 2990 रैंक तक एवं एसटी में 856 रैंक तक के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। विकलांग सामान्य वर्ग में 85, ओबीसी में 87, एससी में 8 एवं एसटी में एक रैंक तक के अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। उल्लेखनीय है कि देश में इस समय 16 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान [आइआइटी] हैं।

यह है कटऑफ

सामान्य वर्ग में पास होने का कटऑफ 126 अंक हैं। भौतिक, रसायन एवं गणित प्रत्येक विषय में पास होने के लिए कम से कम 12 अंक जरूरी हैं। कुल 360 का 35 फीसद यानि 126 अंक को उत्तीर्ण का कटऑफ बनाया गया है। काउंसलिंग के लिए बुलाए जाने का कटऑफ 156 अंक है।

आज से आनलाइन काउंसलिंग

प्रोफेसर गुप्ता ने बताया कि 22 जून से काउंसलिंग का पोर्टल खुल जाएगा। सफल अभ्यर्थी 30 जून तक अपने विकल्प को इंटरनेट के माध्यम से भरेंगे। सीट का आवंटन 2 जुलाई को होगा। प्रमाण पत्रों का सत्यापन केंद्रों पर चार से आठ जुलाई तक चलेगा। चार एवं पांच जुलाई को ओबीसी एवं विकलांग, छह जुलाई को एससी एवं एसटी अभ्यर्थी तथा सात एवं आठ जुलाई को सामन्य वर्ग के अभ्यर्थी प्रमाण पत्रों का सत्यापन करायेंगे। 28 जून को आर्किटेक्चर के अभ्यर्थियों का 9 से 12 बजे के बीच टेस्ट होगा।

error: Content is protected !!