अजमेर / हजरत मीरां सैयद हुसैन खिंग सवार के उर्स का झंडा मंगलवार को तारागढ़ दरगाह स्थित बुलंद दरवाजे पर चढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही उर्स की अनौपचारिक शुरूआत हो जाएगी। इस मौके पर दरगाह को विशेष रोशनी से सजाया गया है। देश के विभिन्न हिस्सों से जायरीन के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। पंचायत खुद्दाम सैयदजादगान के सचिव सैयद अबरार हुसैन के मुताबिक शाम करीब 5.30 बजे हताई से झंडे के जुलूस की शुरुआत होगी। कव्वाली के बीच निकलने वाले जुलूस में खुद्दाम ए मीरां साहब और आशिकान ए मीरां साहब शरीक होंगे। विभिन्न मार्गों से होता हुआ जुलूस दरगाह पहुंचेगा। यहां बुलंद दरवाजे पर शाकिर मोहम्मद आदि की ओर से यह झंडा चढ़ाया जाएगा। इस मौके पर शादियाने बजाए जाएंगे। तारागढ़ स्थित हजरत मीरां सैयद खिंग सवार के उर्स की मजहबी रस्में 16 से शुरू होंगी। अलसुबह मजार शरीफ को गुस्ल दिया जाएगा और कब्र पोश पेश किया जाएगा। मजार शरीफ के चारों सवा मन कलावा बांधा जाएगा और मेहंदी पेश की जाएगी। 16 की रात से ही महफिल की शुरुआत होगी। दरगाह कमेटी के नए सदर मोहसिन सुल्तानी की सदारत में महफिल होगी। सुल्तानी पहली बार महफिल की सदारत करेंगे। उन्हें हाल ही में कमेटी का सदर बनाया गया है। उनके साथ कमेटी सदस्य अब्दुल हकीम और माशूक अली भी होंगे। विभिन्न कव्वाल पार्टियां कलाम पेश करेंगी।
तारागढ़ स्थित हजरत मीरां हुसैन सैयद खिंग सवार की दरगाह में भी मौला ए कायनात हजरत अली का जश्न ए विलादत सोमवार को धूमधाम से मनाया। इस मौके पर दरगाह में मुशायरे का आयोजन हुआ। मौलाई गिरोह की ओर से आयोजित मुशायरे में स्थानीय व बाहर से आए शायरों ने भाग लिया। मौला अली की शान में कलाम पेश किए गए। सैयद यावर हुसैन, सैयद जफर अब्बास, करनैन, इख्तियार हुसैन नाजां, मुशर्रफ हुसैन, मंजूर और ताजदार हुसैन आदि शायरों ने भाग लिया। पंचायत खुद्दाम सैयदजादगान के सचिव सैयद अबरार अली ने बताया कि मंगलवार को मौलाई गिरोह की ओर से लंगर होगा और पंचायत की ओर से तबर्रुक तकसीम किया जाएगा।