जनसुनवाई में मिली लोगों को राहत

भवानी सिंह देथा
भवानी सिंह देथा

अजमेर। जिला कलक्टर श्री भवानी सिंह देथा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समयबद्घ निस्तारण के लिए प्रतिबद्घ है। अधिकारियों को भी संवेदनशील होकर जनता को राहत प्रदान करनी चाहिए।
जिला कलक्टर श्री देथा ने शुक्रवार को कलेक्टे्रट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त समस्याओं एवं परिवादों पर हाथों-हाथ निस्तारण के निर्देश दिए। पेंशन सहित कई प्रकरणों में विभागों को तुरन्त परिवादियों को राहत देने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण, नियमन, पेंशन, वेतन परिलाभ सहित आदि कई प्रकरणों को जिला कलक्टर ने गम्भीरता से सुना एवं अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में वर्ष 2012-13 एवं 2013-14 में प्राप्त शिकायतों एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर श्री देथा ने पुराने लम्बित मामलों का निस्तारण नहीं होने को गम्भीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तुरन्त कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए।
जनसुनवाई में बधिर विद्यालय के सेवानिवृत कर्मचारियों को परिलाभ नहीं मिलने पर जिला कलक्टर श्री देथा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में तुरन्त कार्यवाही करने को कहा। बिजयनगर के एक व्यापारी ने नगर पालिका द्वारा भुगतान रोके जाने की शिकायत की। इस पर कलक्टर ने तुरन्त सभी संबंधित अधिकारियों को बुलाकर चर्चा की एवं निर्देश दिए कि इस प्रकरण में नियमानुसार कार्यवाही कर संबंधित को भुगतान किया जाए।
अजमेर के गुलाबदास वैष्णव द्वारा भूमि की किस्म में बदलाव संबंधी परिवाद पर तहसील कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नियमानुसार कार्यवाही कर परिवादी को राहत प्रदान करें। शहर के नागरिकों द्वारा अजमेर विकास प्राधिकरण में भूमि रूपांतरण व नियमन संबंधी प्रकरण लम्बित होने के परिवाद पर जिला कलक्टर ने अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नगर निगम में नक्शा अनापति प्रमाण पत्र से संबंधित परिवाद पर सुनवाई करते हुए जिला कलक्टर ने निगम के अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुष्कर नगर पालिका को निर्देश दिए गए कि अतिक्रमण हटाने संबंधी कार्यवाही शीघ्र की जाए तथा पुष्कर मेले की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाए। सरवाड़ के नजदीक सोलिया गांव की एक बस्ती में अतिक्रमण की शिकायत को भी गम्भीरता से लेते हुए श्री देथा ने उपखण्ड अधिकारी को निर्देशित किया। इसी तरह अन्य प्रकरणों में भी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर श्री देथा ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सफाई अभियान व भामाशाह योजना की क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री यशोदानन्दन श्रीवास्तव, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री हरफूल सिंह यादव, जिला रसद अधिकारी श्री सुरेश कुमार सिंधी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!