अजमेर विकास प्राधिकरण में समस्याओं के निराकरण हेतु तीन-स्तरीय व्यवस्था

ada 450अजमेर। संभागीय आयुक्त एवं अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र भटनागर ने आम लोगों के प्राधिकरण संबंधी कार्यों को तत्काल निपटाने के लिए तीन स्तरीय (थ्री-टियर) व्यवस्था की है।
उन्होंने प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहलता पंवार से चर्चा कर इस तीन स्तरीय व्यवस्था को तत्काल अंजाम देने का निर्णय लिया है। उनका मानना है कि यदि किसी भी नागरिक का जायज काम प्राधिकरण में लम्बित है तो तत्काल उसका निराकरण किया जाना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
श्री भटनागर ने बताया कि प्रथम स्तर पर सेक्टर प्रभारी व्यवस्थाओं को देखेंगे जिनमें एक अधिकारी व दो-तीन कर्मचारी होंगे जो निर्धारित सेक्टर का काम देखकर समस्याओं का चिन्हिकरण करेंगे। जिसका निराकरण दूसरे स्तर पर कलस्टर इंचार्ज करेंगे। कलस्टर स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी को लगाया जा रहा है जो अधीक्षण अभियंता, वरिष्ठ नगर नियोजक आदि होंगे। तीसरे स्तर की व्यवस्था जोन क्षेत्र के रूप में होगी। वर्तमान में नॉर्थ व अजमेर सॉउथ जोन बनाए गए है इनके प्रभारी प्राधिकरण के उपायुक्त होंगे।
उन्होंने बताया कि सेक्टर के बाद कलस्टर और कलस्टर के पश्चात जोन स्तर की यह व्यवस्था प्रारम्भ होने से आम लोगों को राहत मिलेगी और उनकी समस्याओं के निराकरण में तेजी आएगी।

error: Content is protected !!