मदस विवि में सिन्धु पीठ के विकास के लिए मांगा 2 करोड़ का सहयोग

शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. देवनानी ने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री से की मुलाकात

वासुदेव देवनानी
वासुदेव देवनानी

अजमेर। शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रो. वासुदेव देवनानी ने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी से मंगलवार को नई दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर अजमेर स्थित महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में सिन्धु पीठ के विकास के लिए केन्द्र प्रवृतित योजनाओं से 02 करोड़ रूपये का आर्थिक सहयोग दिलाने का आग्रह किया। उन्होनें केन्द्रीय मंत्री को बताया कि विश्वविद्यालय में सिन्धु पीठ की स्थापना प्रदेश की पिछली भाजपा सरकार के समय हुई थी, परन्तु प्रदेश की गत कांग्रेस सरकार ने इस पीठ की स्थापना व विकास के मामले को ठण्डे बस्ते में डाल दिया।
प्रो. देवनानी ने बताया कि सिन्धी भाषा व संस्कृति विश्व की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक है। अजमेर स्थित मदस विश्वविद्यालय में सिन्धी भाषा, साहित्य एवं चिर पुरातन सिन्धु घाटी सभ्यता की संस्कृति के अध्ययन हेतु एक सिन्धु पीठ की स्थापना की गई, परन्तु संसाधनों के अभाव में इसका विकास नही हो पाया है। उन्होनें केन्द्रीय मंत्रीजी से आग्रह किया है कि जिस प्रकार इंदिरा गांधी खुला विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में सिन्धु पीठ के संचालन हेतु केन्द्र सरकार द्वारा 01 करोड़ की आर्थिक सहायता दी गई है, उसी प्रकार अजमेर के इस विश्वविद्यालय को भी आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने से यहा पर सिन्धु शोध पीठ का समुचित विकास व संचालन में सहयोग मिल सकेगा। जिससे इस विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में आने वाले जिलों के सिन्धी समाज के विद्यार्थियों को शोध के अवसर प्राप्त होगे साथ ही विद्यार्थियों को इस पीठ में न केवल सिन्धी अपितु हिन्दी, अंग्रेजी व राजस्थानी में भी अपना शोध कार्य करने के अवसर मिल सकेगे।

शिक्षा का अधिकार कानून को समयानुकुल बनाने के लिए हो समुचित संशोधन

शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रो. वासुदेव देवनानी ने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी से शिक्षा का अधिकार कानून में समुचित संशोधन कर उसे समयानुकुल एवं शैक्षिक गुणवत्ता आधारित किये जाने का भी आग्रह किया।

error: Content is protected !!