अजमेर में हेरीटेज व स्मार्ट सिटी योजना की दी जानकारी
मुख्य सचिव ने संभागीय आयुक्त के विभिन्न सुझावों पर दिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश
अजमेर। मुख्य सचिव श्री सी.एस. राजन ने संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर को प्रशासनिक कामकाज से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव बनवाकर भेजने के निर्देश दिए हैं। संभागीय आयुक्त ने सोमवार को मुख्य सचिव के अजमेर आगमन पर उन से मुलाकात कर हेरीटेज व स्मार्ट सिटी योजना की जानकारी दी तथा प्रशासन से जुड़े विभिन्न कार्याें के सुझाव दिए।
संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर ने मुख्य सचिव श्री सी.एस. राजन के अजमेर आगमन पर सर्किट हाऊस में उनसे मुलाकात कर अजमेर संभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी दी। संभागीय आयुक्त ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि विभिन्न जिलों में नायब तहसीलदार को कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्रदान कर दी जाएं तो संबंधित थाना क्षेत्र में निरोधात्मक कार्यवाही से जुड़े मामलों में थाना पुलिस को तहसील या उपखण्ड मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विभिन्न जिलों में इस तरह के प्रयासों के सकारात्मक परिणामों की जानकारी भी दी। मुख्य सचिव ने संभागीय आयुक्त को इस संबंध में प्रस्ताव बनवाकर भिजवाने के निर्देश दिए हैं।
संभागीय आयुक्त ने चर्चा के दौरान सुझाव दिया कि गांव के कामकाज में तेजी लाने के लिए प्रत्येक माह में ग्रामसेवक एवं पटवारी की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएं। मुख्य सचिव ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर मंगवाए हैं।
संभागीय आयुक्त ने मुख्य सचिव से आग्रह किया है कि पूर्व के वर्षाें की भांति जिला स्तर पर हिन्दी व अंग्रेजी में गजेटियर छापा जाए तो प्रशासन व नागरिकों को विभिन्न जानकारियां हासिल करने में आसानी रहेगी।
संभागीय आयुक्त ने मुख्य सचिव को अजमेर में हेरीटेज व स्मार्ट सिटी योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेरीटेज सिटी के लिए 1332 करोड़ रूपये की डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार के अनुमोदन के लिए भिजवाई गई है। अजमेर में स्मार्ट सिटी योजना के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से चर्चा की जा रही है। जल्द ही इस योजना की भी डीपीआर तैयार करवाई जाएगी। इस संबंध में हाल ही अमेरिकी दूतावास के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की गई है।
संभागीय आयुक्त ने मुख्य सचिव को स्वरचित मोनोग्राफ ”कानून व्यवस्था प्रबंधनÓÓ की प्रति भी भेंट की। यह पुस्तक प्रशासनिक अधिकारियों के प्रशिक्षण के उपयोग के लिए तैयार की गई है।