अजमेर 13 मई। सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 849वीं जयन्ती के अवसर पर गुरुवार को शहर में ऐतिहासिक मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी मैराथन दौड़ में हजारों की संख्या में धावक-धाविकाएं भाग लेंगे। मैराथन दौड़ का प्रमुख आकर्षण जहां सी.आर.पी.एफ., ए.टी.एस. और हाड़ी रानी महिला बटालियन की महिला जवान रहेंगी, वहीं इस वर्ष एन.सी.सी. के छात्र-छात्रा कैडेट्स पहली बार इस दौड़ में भाग लेकर नया कीर्तिमान बनाएंगे।सम्राट पृथ्वीराज चौहान मैराथन दौड़ पटेल मैदान से प्रातः 6ः30 बजे शुरू होगी। इस दौड़ में सी.आर.पी.एफ. के गु्रप सेन्टर प्रथम एवं ग्रुप सेन्टर द्वितीय के जवान ग्रुप सेन्टर द्वितीय में संचालित ए.टी.एस. की महिला बटालियन, प्रशिक्षणार्थी हाड़ी रानी महिला बटालियन की महिला जवान, राजस्थान पुलिस के जवान, सेना के जवान, जी.आर.पी. के जवान, जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र से जुड़े विभिन्न खेलों के पुरुष एवं महिला खिलाड़ी, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
इसके साथ ही योग संस्थाओं से जुड़े शहरवासी जिनमें पुरुष एवं महिलाएं शामिल हैं, भी इस दौड़ का हिस्सा बनेंगे। इसके अतिरिक्त आयोजन समिति का प्रत्येक सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों के शहरवासियों के साथ दौड़ में भाग लेंगे। हर वर्ष की भांति इस दौड़ में सीनियर सिटीजन भी आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहेंगे जिनके लिए मैराथन दौड़ का मार्ग मुख्य दौड़ से अलग होगा।
यह दौड़ पटेल स्टेडियम के मुख्य द्वार से प्रारम्भ होकर अग्रसेन चौराहा, आगरा गेट चौराहा, पृथ्वीराज मार्ग, गांधी भवन चौराहा, कचहरी रोड, इंडिया मोटर चौराहा, अग्रसेन चौराहा, सूचना केन्द्र होते हुए पुनः पटेल स्टेडियम पर सम्पन्न होगी। दौड़ के पूरे मार्ग पर जहां यातायात को संचालित करने हेतु यातायात विभाग की समुचित व्यवस्था रहेगी, वहीं धावकों की सुरक्षा हेतु एम्बुलैंस एवं पानी की समुचित व्यवस्था रहेगी। पूरी दौड़ के दौरान आयोजन समिति से जुड़े विभिन्न कार्यकर्ता जगह-जगह पर धावकों के मार्गदर्शन हेतु उपलब्ध रहेंगे। सीनियर सिटीजन वर्ग के लिए ये दौड़ पटेल स्टेडियम से आगरा गेट चौराह तक होगी जहां से उन्हें पुनः पटेल स्टेडियम लौटना होगा।
इस दौड़ का शुभारम्भ सी.आर.पी.एफ. गु्रप सेन्टर प्रथम के डी.आई.जी. भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी राजू भार्गव एवं गु्रप सेन्टर द्वितीय के डी.आई.जी. अन्तर्राष्ट्रीय स्वीमर एम.एस. शेखावत प्रातः 6ः30 बजे हरी झंडी दिखाकर करेंगे। इस दौड़ के समापन पर अजमेर डेयरी की ओर से सभी धावकों को दूध उपलब्ध कराया जायेगा। आयोजन समिति की ओर से इस दौड़ में प्रत्येक वर्ग के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को 15 मई शुक्रवार को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह तारागढ़ पर स्थित पृथ्वीराज स्मारक पर सांय 5 बजे पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
पुरुष-महिला, छात्र-छात्रा एवं सीनियर सिटीजन वर्ग में प्रत्येक पहले तीन स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को जयंती के मुख्य समारोह में 15 मई को पृथ्वीराज स्मारक पर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। दौड़ में भाग लेने वाले धावकों को आयोजन समिति की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा दौड़ समाप्त होने पर अजमेर डेयरी की ओर से दूध उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य समारोह तारागढ़ स्थित पृथ्वीराज स्मारक पर 15 मई को
सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती का मुख्य समारोह तारागढ़ पर स्थित पृथ्वीराज स्मारक पर 15 मई शुक्रवार को आयोजित होगा। सायं 5 बजे प्रारंभ होने वाले इस समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही समारोह में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें अजमेर सहित राज्य के अन्य भागों से आए कलाकार अपने प्रस्तुतियां देंगे।
विनीत लोहिया
संयोजक, मैराथन दौड़
मो. 9549860966