उपखण्ड अधिकारी श्री गुप्ता ने ली विभागीय समीक्षा बैठक
ब्यावर, 8 मार्च। उपखण्ड अधिकारी श्री आशीष गुप्ता की अध्यक्षता में आज डाक बंगला सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में जनसमस्याओं से संबंधित विभिन्न प्रकरणों चर्चा करते हुए उनका समयबद्ध सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
श्री गुप्ता ने कहा कि राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज़ आमजन से संबंधित लम्बित प्रकरणों का निश्चित समयावधि में निस्तारण कर राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर नगरपरिषद के 29, पंचायतीराज विभाग के 26, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 8, तहसील के 24, महिला एवं बाल विकास विभाग के 3 तथा ब्लाॅक प्रारंभिक शिक्षा विभाग के 9 प्रकरण लम्बित हैं, जिनकी नियमित माॅनिटरिंग कर निस्तारण हेतु की गई कार्यवाही को पोर्टल पर अपलोड किया जाना चाहिए।
उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौेचालय निर्माण, मुख्यमंत्राी जल स्वालम्बन अभियान, आरोग्य राजस्थान अभियान समेत विभिन्न योजनाओं के तहत विभागीय कार्याे की प्रगति रिपोर्ट ली एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता एस.के.माथुर ने नगरपरिषद द्वारा विभाग को भू आवंटन की स्वीकृति प्रदान नहीं करने की बात कही,जिस पर नगरपरिषद के अधिकारी ने बताया कि भू आवंटन संबंधी निर्णय नगरपरिषद द्वारा गठित समिति द्वारा किया जाना है जिसकी बैठक नहीं हुई है। नरबदखेड़ा में कच्ची सड़क की शिकायत पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा मिसिंग लिंक पर महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत ग्रेवल सड़क बनायी गई है जो कच्ची सड़क होती है डामरीकरण नहीं किया जाता है। ब्लाॅक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आठवीं बोर्ड की परीक्षाएं 10 से 24 मार्च तक होगी, अन्य बोर्ड की परीक्षाएं ज़ारी हैं एवं विद्यालय का नया सत्रा 21 अप्रैल से प्रारम्भ होगा।
बैठक में विकास अधिकारी विजयसिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्राी जल स्वावलम्बन अभियान के तहत 22 कार्य ज़ारी हैं, कार्यस्थल पर सूचना पट्ट भी लगवाएं जा रहे हैं, जिस पर उपखण्ड अधिकारी श्री गुप्ता ने इस योजना के तहत मिट्टी के सैम्पल के कार्य हेतु कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चांदमल मोदी अस्पताल में चल रहे होम्योपैथी अस्पताल को राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में स्थानान्तरित करने के निर्देश भी दिए। नगरपरिषद के अधिकारी ने बताया कि हाल ही में शहर के समस्त 45 वार्ड में नाली निर्माण के कार्य हेतु टेण्डर जारी किये गए हैं, जिस पर श्री गुप्ता ने विजयनगर रोड़ पर पीडब्ल्यूडी की सड़क पर भी नाली निर्माण की बात कही एवं नगरीय विकास कर के संबंध में जानकारी ली।
इस मौके पर सबजैल में टैंकर द्वारा जलापूर्ति, जवाजा में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आगे कैबिन द्वारा अतिक्रमण एवं टोल नाकों पर सरकारी विभागीय वाहनों से टोल वसूली की मांग पर भी चर्चा हुई। उपखण्ड अधिकारी श्री गुप्ता ने अतिक्रमण को हटाने के निर्देश देते हुए पीपलाज एवं तारागढ़ से आगे स्थित टोल नाकों को सरकारी विभागीय वाहनों से टोल न वसूलने हेतु पाबंद करने की बात कही।
बैठक में नायब तहसीलदार श्री रामपाल बोहरा, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनोद मोलपरिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। –00–