मॉनसून दौरान सजग व सतर्क रहे- पीयूष समारिया

आपदा प्रबंधन एवं संभावित बाढ़ से बचाव संबंधी बैठक आयोजित
beawar-samacharब्यावर, 28 जून। उपखण्ड अधिकारी श्री पीयूष समारिया ने कहा कि मॉनसून के प्रथम दौर की वर्षा प्रारंभ हो चुकी है अतः विभिन्न जनसमस्याओं के निस्तारण हेतु अधिकारियों को सजग व सतर्क होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
श्री समारिया ने उपखण्ड अधिकारी कार्यालय सभागार में आपदा प्रबंधन एवं संभावित बाढ़ से बचाव संबंधी बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ने कहा कि वर्षा का दौर प्रारंभ हो चुका है ऐसे में नदी- नालों से जमा मलबे की सफाई, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों की मरम्मत व रखरखाव, जल भराव वाले क्षेत्रों का चिन्हीकरण, बाढ़ नियंत्राण कक्ष की स्थापना, संभावित बाढ़ से बचाव हेतु पूर्व तैयारी, तालाबों के जल स्तर की सूचना, मृत पशुओं के शवों का निस्तारण, पानी के निकासी सुनिश्चित करना, विद्युत के ढीले तारों को कसना, पेयजल की जांच व क्लोरिनेशन एवं अस्पतालों में वर्षाजनित रोगों से बचाव के समुचित उपाय किये जाने चाहिए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।
उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मॉनसून के दौरान अतिवृष्टि की स्थिति में किये जाने वाले कार्य एवं विभागीय योजना की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिए। जलसंसाधन विभाग के सहायक अभियंता श्री ओ.पी. मिश्रा ने बताया कि विभाग के अधीन 10 तालाबों की मरम्मत व रखरखाव का कार्य पूर्ण कर लिया गया है एवं अतिवृष्टि व संभावित बाढ़ से बचाव हेतु मिट्टी के कट्टे, ट्रेक्टर, जेसीबी आदि की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा तालाबों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है एवं बाढ़ नियंत्राण कक्ष की स्थापना भी की गई है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता श्री एस.एस. सलूजा ने बताया कि विभाग द्वारा जर्जर सरकारी इमारतों व भवनों के बारे में विभिन्न विभागों को पत्रा प्रेषित कर जानकारी मांगी गई है साथ ही छतों पर जमे हुए कचरे को साफ करने का अनुरोध भी किया गया है। साथ उन्होंने बताया कि शहर में सड़कों के पेच वर्क भी वर्षा से पूर्व ठीक करवाया लिया गया है।
बैठक में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि विभाग द्वारा नियमित क्लोरिनेशन का कार्य किया जा रहा है, पाइप लाइन संबंधी कोई लीकेज नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि विभाग के पास मड पम्प नहीं है बल्कि साफ पानी वाले पम्प मौजूद है, यदि कहीं जल भराव की स्थिति बने तो नगरपरिषद एवं आई.ओ.सी.से मड पम्प लिये जा सकते है। नगरपरिषद के कार्यालय अधीक्षक ने बताया कि शहर के सभी छोटे-बड़े नदी-नालों की सफाई का कार्य करवाया जा रहा है जिससे वर्षा के दौरान अवरोध की स्थिति उत्पन ना हो, साथ ही खाली सीमेंट के कट्टे मिट्टी से भरकर रखने एवं ट्रेक्टर, जेसीबी व बाढ़ बचाव कार्य में उपयोग आने वाले अन्य उपकरणों की व्यवस्था भी कर ली गई है। एवीवीएनएल के सहायक अभियंता ने बताया कि तेज आंधी व वर्षा के दौरान स्पार्किंग, पोल में करंट आदि की सूचना पर संबंधित फीडर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती है। विभाग द्वारा विद्युत के ढीले तारों के मरम्मत, ट्रांसफार्मर रखरखाव आदि का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉ,के.के. चौहान ने बताया कि अमृतकौर चिकित्सालय में मॉनसून व संभावित बाढ़ के मद्देनजर वर्षाजनित बीमारियों मलेरिया, डेंगू, डायरिया आदि से बचाव हेतु पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था भी कर ली गई है। पशुपालन विभाग के डॉ. विश्वास कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा रैपिड़ रेस्पोंस टीम पशुओं की बीमारियों के रोकथाम हेतु कार्यरत है। साथ ही वर्षा के दौरान शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मृत पशुओं को जलाने अथवा डिस्पोज करने संबंधी व्यवस्था भी कर ली गई है। वन विभाग के रोहित नाथ ने बताया कि वर्षा के दौरान विभाग की नर्सरी से सरकारी विभागों व आमजन को मांग के अनुसार पौधों का वितरण किया जा रहा है।
उपखण्ड अधिकारी श्री समारिया ने रिको के रिजनल मैनेजर श्री विक्रम को रिको क्षेत्रा में मलबे से अवरूद्ध नालों की साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने जल भराव वाले क्षेत्रा अमरी का बाड़िया, डिग्गी मौहल्ला, कसाई मौहल्ला, आर्यसमाज मौहल्ला, बिचड़ली तेलियान मौहल्ला, भांबियान मौहल्ला, प्रताप कॉलोनी, पुराना बसस्टैण्ड, चांग चितार रोड़, छावनी मार्ग आदि क्षेत्रों से जल अवरोध हटाने एवं जल भराव की स्थिति की जल के निस्तारण की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कहीं। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल भराव को रोकने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
कन्ट्रोल रूम स्थापित
आपदा प्रबंधन व संभावित बाढ़ के मद्देनजर तहसील कार्यालय में बाढ़ नियंत्राण कक्ष की स्थापना की गई है, साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा भी जनसमस्याओं निस्तारण हेतु नियंत्राण कक्ष स्थापित किये गए है।
बाढ़ नियंत्राण कक्ष-तहसील कार्यालय
तहसील कार्यालय में बाढ़ नियंत्राण कक्ष के प्रभारी तहसीलदार ब्यावर श्री योगेश अग्रवाल है। ये नियंत्राण कक्ष 24 घण्टे कार्यरत है जिसके द्वारा प्रतिदिन वर्षा की सूचना एकत्रा की जाती है एवं अतिवृष्टि की सूचना व नुकसान से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाता है। नियंत्राण कक्ष का दूरभाष नम्बर 01462-257132 है।
एवीवीएनएल- सीएसडी प्रथम ब्यावर-01462-251755, सीएसडी द्वितीय-01462-257376, रिको ब्यावर-01462-226373
अग्निश्मन – बाढ नियत्राण कक्ष दूरभाष नं0-101, 01462-258333
जलसंसाधन विभाग- 9799602154
अमृतकौर चिकित्सालय- मोबाईल संख्या- 9214559618, 01462-257399, 01462-257117
सार्वजनिक निर्माण विभाग – मोबाईल संख्या-94142-58322, 01462-259201
बैठक में आरपीएस गीता चौधरी, एकेएच के डॉ के. के. चौहान, सहायक जल संसाधन विभाग सहा.अभि. ओपी मिश्रा, सार्व0 निर्माण विभाग सहा.अभि. एसएस सलूजा, ब्लॉक सीएमओ डॉ0 सीपी कुमावत, चांदमल आयुवैदिक चिकित्सालय के डॉ. रमाशंकर पंचौरी, सहा.अभि. शशि तंवर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।–00–
राजस्व लोक अदालत अभियान के तहत
न्याय आपके द्वार शिविर लगेंगे
ब्यावर, 28 जून। उपखण्ड अधिकारी सुरेश चावला के अनुसार राजस्व लोक अदालत अभियान के तहत मसूदा की ग्राम पंचायत हनुतिया में 29 जून को अटल सेवा केन्द्र पर राजस्व लोक अदालत शिविर आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न राजस्व प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत दी जाएगी।–00-
राजस्व लोक अदालत अभियान
29 जून व 30 जून को शहरी क्षेत्रा शिविर
ब्यावर, 28 जून। उपखण्ड अधिकारी पीयूष समारिया के अनुसार राजस्व लोक अदालत अभियान के तहत दो दिवसीय 29 जून व 30 जून को प्रातः 10 बजे से शहरी क्षेत्रा ग्राम नयानगर हेतु राजस्व लोक अदालत -कैम्प कोर्ट उपखण्ड कार्यालय मुख्यालय ब्यावर में आयोजित होगा। ग्राम नयानगर (शहरी क्षेत्रा) में इस न्यायालय के विचाधीन प्रकरणों को मुख्यालय ब्यावर में लोक अदालत कैम्प के लोक अदालत की भावना से निस्तारित किया जाएगा। –00–
ग्राम पंचायत देवाता में फोलोअप शिविर के तहत विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण
ब्यावर, 28 जून। राजस्व लोक अदालत अभियान के तहत पंचायत समिति जवाजा की ग्राम पंचायत देवाता में फोलोअप शिविर में विभिन्न राजस्व प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत दी गई।
उपखण्ड अधिकारी पीयूष समारिया के अनुसार देवाता में आयोजित राजस्व लोक अदालत शिविर में खाता विभाजन का 1, खातेदारी घोषणा का 1 एवं अन्य 2 प्रकरणां का निस्तारण किया गया। उन्होंने राजस्व लोक अदालत शिविर में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए राजस्व प्ररकणों के त्वरित निस्तारण की बात कही।
इसी क्रम में तहसीलदार स्तर पर नामान्तकरण के 9, राजस्व नकलें 23, पास बुक आदिनांक के 25, वृद्धा पेंशन संबंधी 5, जाति प्रमाण पत्रा 15 सहित विभिन्न समस्याओं का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। –00–

error: Content is protected !!