राजस्थान सरकार द्वारा बी.एड. पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित की जाने वाली प्रवेश पूर्व परीक्षा पीटीईटी 2018 एवं 4 वर्षीय इन्टीग्रेटेड बी.ए. बी.एड./बी.एससी. बी.एड. प्रवेश पूर्व परीक्षा 2018 के आवेदन पत्र ऑनलाईन भरना दिनांक 24 जनवरी 2018 बुधवार से प्रारंभ हो रहे हैं।
इस वर्ष राजस्थान सरकार द्वारा ये दोनों प्रवेश पूर्व परीक्षा आयोजित करवाने की जिम्मेदारी महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर को दी गई है।
पीटीईटी समन्वयक प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि प्रवेश पूर्व परीक्षा दिनांक 13 मई 2018 रविवार को राजस्थान के सभी जिलों में आयोजित करवाई जाएगी।
दोनों परीक्षाओं हेतु आवेदन पत्र दिनांक 24 जनवरी 2018 से दिनांक 28 फरवरी 2018 तक ऑनलाईन भरे जा सकते हैं। अभ्यर्थी परीक्षा शुल्क राशि रू. 500/- दिनांक 26 फरवरी 2018 तक ऑनलाईन जमा करवा सकेंगे जिसमें वे नेट बैंकिंग/डेबिट कार्ड (ए.टी.एम.)/क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अपने परीक्षा शुल्क का भुगतान कर सकेंगें। साथ ही यदि अभ्यर्थी नकद परीक्षा शुल्क जमा करवाना चाहें तो वे चालान के माध्यम से आई.सी.आई.सी.आई. बैंक की किसी भी शाखा में नकद भुगतान द्वारा अपना परीक्षा शुल्क जमा करवा सकते हैं।
पीटीईटी परीक्षा हेतु स्नातक उत्तीर्ण अथवा इस वर्ष अंतिम वर्ष की परीक्षा में सम्मिलित हुए अभ्यर्थी पात्रता रखते हैं।
बी.ए. बी.एड./ बी.एससी. बी.एड. परीक्षा हेतु अभ्यर्थी किसी भी संकाय में सीनियर सैकण्ड्री उत्तीर्ण अथवा सीनियर सैकण्ड्री की परीक्षा में इस वर्ष सम्मिलित हो रहे अभ्यर्थी पात्रता रखते हैं।
प्रो. सारस्वत ने बताया कि अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर कार्यालय के दूरभाष सं. 0145-2787083 पर सम्पर्क कर अपनी समस्या का समाधान कर सकते हैं।
पीटीईटी 2018 व बी.ए. बी.एड./बी.एससी. बी.एड. प्रवेश परीक्षा 2018 के आवेदन पत्र भरने हेतु वैबसाईट www.ptetmdsu2018.com, www.ptetmdsu2018.org है इस पर ऑनलाईन एप्लीकेशन के लिंक पर क्लिक कर अभ्यर्थी घर बैठे आवेदन कर परीक्षा शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।
प्रो. बी.पी. सारस्वत
समन्वयक