हजरत अली का जन्मोत्सव शनिवार 31 मार्च को मनाया जायेगा

अजमेर, 30 मार्च । हजरत अली का जन्मोत्सव शनिवार 31 मार्च को मनाया जायेगा। यह जानकारी देते हुए ख्वाजा साहब के गद्दीनशीन एस. एफ. हसन चिश्ती व अंजुमन सीरत-ए-गरीब नवाज के सचिव सैयद वारिस हुसैन अलीग ने बताया कि औलियाओं के इमाम, शौहदा-ए-करबला के जद हजरत इमाम हुसैन के पिता हजरत अली का जन्मोत्सव शनिवार 31 मार्च की शाम मगरीब की नमाज के बाद आहता-ए-नूर दरगाह शरीफ में मनाया जायेगा। इस अवसर पर हजरत अली की शान में सलाम पढ़ा जायेगा। रात्रि दस बजे दरगाह के आहता-ए-नूर में हजरत अली के जन्मोत्सव के उपलक्ष में पवित्र कुरआन की आयत से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। नात-मनकबत के नजराने पेश किये जायेंगे। हजरत अली की जीवनी पर प्रकाश डाला जायेगा। साथ ही साथ महफिल-ए-कव्वाली का आयोजन किया जायेगा। यह कार्यक्रम देर रात्रि तक चलेगा। 1 अप्रेल को विश्व प्रसिद्ध सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती का जन्मोत्सव दरगाह के आहता-ए-नूर में बड़ी धूमधाम से मनाया जायेगा। इस अवसर पर मगरीब की नमाज के बाद गरीब नवाज की शान में सलाम पढ़ा जायेगा। ढोल, नक्कारे, शादियाने बजाये जायेंगे। रात्रि दस बजे कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र कुरआन से की जायेगी। नात-मनकबत के नजराने पेश किये जायेंगे। गरीब नवाज की जीवनी पर प्रकाश डाला जायेगा। कव्वाली का आयोजन किया जायेगा। मौजूदा जायरीनों के लिए दुआ की जायेगी। बाद फातेहा के तबर्रुख बांटा जायेगा।

error: Content is protected !!