बंगाली कारीगरों ने सजाया श्याम दरबार

तीन दिवसीय रंगीला फागण महोत्सव आज से, ध्वजारोहण के साथ होगा अखंड ज्योत पाठ
ब्यावर। कलयुग अवतारी बाबा श्याम का रंगीला फागण महोत्सव शहर में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। गुरुवार को फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री श्याम मंदिर में ध्वजारोहण के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ होगा। सुमित सारस्वत ने बताया कि श्री श्याम परिवार की ओर से महोत्सव के लिए विशेष तैयारियां की गई है। बंगाल से आए 8 कारीगरों के साथ स्थानीय कारीगरों ने ललित दगदी के निर्देशन में बाबा का भव्य दरबार सजाया है। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक रूप दिया गया है। भजन संध्या के लिए शीश और तीन बाण की आकृति में दरबार सजेगा। मंदिर में विराजित खाटू नरेश का प्रतिदिन अलग-अलग रुप में श्रृंगार होगा। शोभायात्रा के लिए खाटू से निशान मंगवाए गए हैं। बुधवार को दिलीप खत्री, सुमित सारस्वत, चर्चित मंगल, मनोज चौहान, अंकुर मित्तल, संस्कार मंगल व अन्य सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रात:काल मंदिर प्रमुख सुनील कौशिक परिवार सहित ध्वजारोहण करेंगे। पं. विकास शर्मा विधिवत मंत्रोच्चार के बीच पूजन करवाएंगे। दोपहर सवा 12 बजे से अखंड ज्योत पाठ किया जाएगा। शुक्रवार को एकादशी के मौके पर प्रात: 8.15 बजे से विशाल कलश व निशान शोभायात्रा का आयोजन होगा। भक्तिमय माहौल में भक्त अपने भगवान को नगर भ्रमण करवाएंगे। दाेपहर सवा एक बजे शीश पूजा व पंचामृत अभिषेक करेंगे। रात्रि 8 बजे से श्री श्याम परिवार की ओर से गायक मनोज शास्त्री, विजय मंडोरा, निशांत मंगल भजनों की प्रस्तुति देंगे। शनिवार को प्रात: 7 बजे से ज्योत दर्शन व रात्रि 8 बजे से भव्य भजन संध्या में कोटा के गायक श्याम सलोना भजनों की सरिता बहाएंगे। चंग की थाप व रंग-बिरंगे फूलों के साथ फाग का आनंद बिखेरा जाएगा।

error: Content is protected !!