अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की बोर्ड मिटिंग आयोजित

अजमेर, 22 जुलाई। स्थानीय स्वशासन विभाग के सचिव श्री भवानी सिंह देथा की अध्यक्षता में अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 13 वीं बोर्ड मिटिंग कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इसमें स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस बैठक में संभागीय आयुक्त डॉ. आरूषी मलिक, जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित, नगर निगम के महापौर श्री धर्मेन्द्र गहलोत, आयुक्त श्री खुशाल यादव, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त रेनु जयपाल ने विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

प्रभारी सचिव एवं स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अध्यक्ष श्री भवानी सिंह देथा ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है। कार्य पुनः आरम्भ होने के पश्चात इसकी गति को बढ़ाकर निर्धारित समय पर पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। कुछ कार्यों के पूर्ण करने की अवधि में आवश्यकतानुसार विस्तार किया जा सकता है। अजमेर शहर के योजनाबद्ध विकास को ध्यान में रखकर बोर्ड मीटिंग में कई निर्णय लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि अजमेर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए पाल बीचला सड़क बनाया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही आनासागर सर्कुलर रोड़ की चौड़ाई भी बढ़ाई जानी चाहिए। नगर निगम के लिए नए भवन के लिए भूमि आवंटन के सम्बन्ध में भी बैठक में चर्चा की गई। इसी प्रकार नए कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण भी स्मार्ट सिटी के माध्यम से करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से करवाए जाने वाले नए कार्यों को भी अनुमोदन किया गया। इनमें पटेल स्टेडियम के लिए एलाईड फेसीलीटी का कार्य 2.5 करोड़, म्यूजिकल फाउण्टेन एवं थ्री डी प्रोजेक्शन शो के लिए 7 करोड़, डिजीटल लाईब्रेरी के लिए 4 करोड़, सर्किट हाउस के लिए 3 करोड़, विद्युत शवदाहगृह के लिए 1.25 करोड़ तथा गौरव पथ का कार्य 15 करोड़ से करवाने का प्रावधान किया गया। इसी प्रकार वर्चयुअल रियलिटी एन्टरमेण्ट सेन्टर का निर्माण भी बीओटी-पीपीपी मोड पर पुरानी विश्राम स्थली पर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यस बैंक के खाते से जमा राशि को निकाला जाए। स्मार्ट सिटी की राशि को राष्ट्रीकृत बैंक में भी जमा करवाया जा सकता है। स्मार्ट सिटी के कार्यों के संबंध में चलने वाली फाईलों का तेजी से निपटारा किया जाना में प्राथमिकता हानी चाहिए। इन कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला कलक्टर द्वारा साप्ताहिक समीक्षा बैठक में भी मोनिटरिंग की जा रही है। बैठक में नगरीय विकास मंत्री श्री शांति धारीवाल द्वारा अजमेर विजिट के दौरान दिए गए निर्देशों की पालना के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया।

उन्होंने कहा कि अजमेर शहर की सिवरेज व्यवस्था में अधिकतम घरों के कनेक्शन करने पर जोर दिया जाएगा। बैठक में जयपुर रोड़ की तरह ब्यावर रोड़ की चौड़ाई बढाने पर भी चर्चा की गई। अभय कमाण्ड सेंटर के प्रस्तावित समस्त कैमरों को लगाया जाएगा। इसके साथ साथ अन्य संसाधनों को उपलब्ध कराने के संबंध में भी चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के द्वारा हुए विभिन्न कार्यों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। एलीवेटेड रोड तथा तीनों आरओबी का कार्य गुणवता के साथ शीघ्र पूर्ण करवाने पर जोर रहेगा।

इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता श्री अनिल विजवर्गीय सहित परियोजना से संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!