
अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने जिला कलक्टर से मुलाकात कर आनसागर झील के किनारे प्रस्तावित पाथ-वे का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मौके से सभी कब्जे हटवाये जाने के लिए कहा। देवनानी ने कहा कि आनासागर झील के किनारे पर जी माॅल के पास, देवनारायण मंदिर के पिछे, पुष्कर रोड पर भट्टे वाली गली, सेंचुरी स्कूल व महावीर काॅलोनी के पिछे, गौरव पथ सहित कई स्थानों पर अतिक्रमियों द्वारा झील के पानी में लगातार मिट्टी की भरती करवाकर वहां पर कब्जें कर लिये गये है।
देवनानी ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत झील के किनारे पाथ-वे का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है जिसकी प्रशासन ने सारी तैयारियां भी कर ली है लेकिन इससे पहले यह जरूरी था कि झील के किनारे स्थित अवैध कब्जों को हटाया जाता जिस पर प्रशासन ने कोई ध्यान ही नहीं दिया है जबकि अतिक्रमियों ने धड़ाधड़ कब्जें कर झील के स्वरूप को ही पूरी तरह बिगाड़कर रख दिया है।
देवनानी ने जिला कलक्टर से कहा कि झील में मिट्टी की भरती कर किये गये अवैध कब्जों को हटाने व भविष्य में झील में अतिक्रमण के प्रयास ना हो इसके लिए अतिक्रमियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए सभी स्थानों से कब्जें हटावाये जाए तथा उसके बाद ही झील के किनारे सुन्दर व आकर्षक पाथ-वे का निर्माण कराया जाए। प्रशासन द्वारा वर्तमान में जहां पर पाथ-वे का निर्माण प्रस्तावित किया गया है वहां पर सभी कब्जों को बरकरार रखा गया है जिससे पाथ-वे भी सीधा ना बनकर टेढ़ा-मेढ़ा बनेगा।
देवनानी ने बताया कि उन्होंने गत दिनों यह मामला विधान सभा में भी उठाया था साथ ही स्वायत्त शासन मंत्री को भी अलग से पत्र लिखकर अवैध कब्जों के विरूद्ध कार्यवाही कराने का आग्रह किया है। इससे पहले उन्होंने निगम के आयुक्त व स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधीक्षण अभियंता को भी इस मामले में कार्यवाही करने के लिए कहा था।
देवनानी ने कहा कि अजमेर की एतिहासिक आनासागर झील में अवैध तरीके से किये गये अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दास्त नहीं किये जाएंगे तथा प्रशासन द्वारा स्मार्ट सिटी योजना की राशि के जल्दबाजी में किये जा रहे दुरूपयोग के बारे में भी केन्द्र सरकार को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने जिला कलक्टर को इसके लिए भी आपत्ति दर्ज कराई कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत जनसुविधा के कार्य कराये जाने के स्थान पर कलेक्ट्रेट के नवीन भवन निर्माण जैसे कार्यो पर राशि खर्च की जा रही है जबकि स्मार्ट सिटी योजना का उद्धेश्य है कि ऐसे स्थाई निर्माण कार्य कराये जाए जिनसे आमजन का जीवन सुखमय व सुविधाजनक बन सके।