अस्पतालों में मरीजों के लिए बेड नहीं, घरों पर ऑक्सीजन की अनुमति नहीं

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 30 अप्रैल। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उŸार वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित से मुलाकात कर इस बात पर नाराजगी जताई कि अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए जगह नहीं है और मरीजों को घरों पर ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। ऑक्सीजन की व्यवस्था पूरी तरह अव्यस्थित है, जिससे कोरोना मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
देवनानी ने कहा कि सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में बेड्स की संख्या बढ़ाकर मरीजों को भर्ती करने के साथ ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सकती है, लेकिन बेड्स की संख्या कम होने से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। जिन मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है, उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने बेड्स बढ़ाने पर सहमति जताते हुए कहा कि ऑक्सीजन हिन्दुस्तान जिंक के पास उपलब्ध है, लेकिन सिलेंडर लाने के लिए कंटेनर नहीं मिल पा रहे हैं। इस पर देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि कंटेनर उपलब्ध कराना सरकार का काम है, इसलिए वे इस बारे में तत्काल सरकार से बात कर कंटेनर मंगवाएं, ताकि हिन्दुस्तान जिंक से सिलेंडर मंगवाए जा सकें।
देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि सभी प्राइवेट अस्पतालों से बेड्स की संख्या तत्काल बढ़ाने के लिए कहा जाए। सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में जिन वार्डों में मरीजों की संख्या बहुत कम है या नहीं के बराबर है, उनमें भी कोरोना मरीजों के लिए बेड्स की व्यवस्था की जाए। इस पर कलेक्टर ने कहा कि ऑक्सीजन उपलब्ध होने पर अस्पतालों में बेड्स की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।
देवनानी ने बातचीत में इस बात पर जोर दिया कि मरीजों को घरों पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए प्रोसेस शुरू किया जाए। यह भी तय किया जाए कि डॉक्टर की सलाह पर किसकी अनुमति से ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्घ कराए जा सकेंगे। इस पर कलेक्टर ने किसी प्राइवेट अस्पताल को नोडल एजेंसी बनाने की बात कही है। देवनानी ने रेलवे अस्पताल को रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध नहीं कराने का मसला भी उठाया। उन्होंने कहा कि शहर के सभी प्राइवेट अस्पतालों को केवल 30 रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध हो पा रहे हैं। इंजेक्शन की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने इंजेक्शन की कालाबाजारी रोकने के साथ प्राइवेट अस्पतालों को आवश्यकतानुसार इंजेक्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कलेक्टर ने इंजेक्शन की संख्या बढ़ाने पर सहमति जताई है।
पंचशील में आज शुरू होगा कोविड सेंटर
देवनानी ने बताया कि पंचशील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र में सौ बेड्स का कोविड सेंटर शनिवार सुबह से शुरू होगा, कोरोना मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा सकेगा। इससे अजमेर की जनता को काफी हद तक राहत मिल सकेगी। उन्होंने कलेक्टर से चंद्रवरदाई नगर और अन्य क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक कोविड सेंटर शुरू करने की मांग की है।

error: Content is protected !!