देवनानी ने दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत से की मुलाकात
अजमेर, 21 दिसंबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत से ब्राह्मणी नदी परियोजना को अमली जामा पहनाकर बीसलपुर बांध को चंबल नदी से जोडने की मांग की है।
देवनानी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत से मुलाकात कर अजमेरवासियों को हो रही पेयजल समस्या पर चर्चा की। देवनानी ने शेखावत से कहा कि अजमेर के पेयजल का एकमात्र सहारा बीसलपुर बांध है, लेकिन पिछले कुछ सालों से बारिश की अनिश्चितता के कारण बांध में पानी की आवक नहीं हो पा रही है। बांध का अधिकतम भराव स्तर 15.5 मीटर है, लेकिन पानी की कम आवक के कारण यह पूरा नहीं भर पाता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी से अजमेर शहर का विस्तार हो रहा है। बीसलपुर बांध से अजमेर, जयपुर, टोंक और आसपास के क्षेत्रों को पेयजल और सिंचाई के पानी की आपूर्ति की जाती है। मूलरूप से यह योजना अजमेर के लिए बनी थी लेकिन अजमेर को ही पानी नहीं मिल पा रहा है। भाजपा शासनकाल में बनी ब्राह्मणी नदी परियोजना को अमली जामा पहनाकर बीसलपुर बांध को चंबल नदी से जोड़ दिया जाता है, तो अजमेर को पेयजल समस्या से स्थाई निजात मिल सकती है।