सीवरेज लाइनें डालने की कछुआ चाल पर जताई नाराजगी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 28 फरवरी। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि अजमेर में सीवरेज सिस्टम पूरी तरह फेल है, तो सड़कें भी जगह-जगह टूटी हुई हैं। सीवरेज कार्य की कछुआ चाल से पूरा शहर परेशान है। कभी सीवरेज, तो कभी अन्य पाइप लाइनें डालने के लिए सड़कें खोदी जाती हैं। जिन क्षेत्रों में नई सड़कें बन गई हैं, वहां भी अब सीवरेज लाइनें डालने के लिए फिर से सड़कें खोदी जा रही हैं। सड़कें खोद देने से जगह-जगह गड्ढे पडे़ हुए हैं। ठेकेदार कुछ दिन एक क्षेत्र में कार्य करता है, कुछ दिन दूसरे क्षेत्र में कार्य करता है फिर तीसरे दिन अन्य स्थान पर कार्य प्रारम्भ कर देता है। ऐसे में जिम्मेदार अभियन्ता कई स्थानो पर कार्य चलना तो बता देते हैं। पर लेकिन कही पर भी कार्य पूरा नहीं होता है।
देवनानी ने सोमवार को जिला कलेक्टर अंशदीप से मुलाकात कर सीवरेज कार्य की कछुआ चाल, आए दिन सड़कों की खुदाई, फिर लंबे समय तक मरम्मत नहीं होने से आए दिन दुर्घटना के शिकार हो रहे नागरिकों की पीड़ा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में तालमेल के अभाव का खामियाजा जनता भुगत रही है, साथ ही सरकारी धन की बर्बादी भी हो रही है। काफी प्रयासों के बाद विधायक कोष व अन्य मदों से सड़कें बनती हैं, तो लोग राहत की सांस लेते हैं, लेकिन उनकी यह राहत कुछ दिन ही बनी रह पाती है। पता चलता है कि सड़क बने हुए एक माह भी नहीं बीतता है, फिर से वही सड़क खोद दी जाती है।
देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर में नई सड़कें बनने से पहले सीवरेज का काम तेजी से पूरा कराया जाना चाहिए। लेकिन अधिकांश जगह पर सड़कें पहले बन जाती हैं और सीवरेज लाइनें बाद में डाली जाती हैं, जिससे बनी हुई सड़कों की कुछ दिनों बाद ही फिर से खुदाई हो जाती है। बात यहीं खत्म नहीं होती, खोदी गई सड़कों की लंबे समय तक ना तो जल्दी से मरम्मत होती है और ना ही फिर से वह सड़क बनाई जाती है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीवरेज लाइनें डालने और सड़कें बनाने वाली सरकारी एजेंसियों के बीच बिल्कुल भी तालमेल नहीं है। अनेक स्थानों पर सड़कों पर गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं, जिनमें गिर कर लोग आए दिन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
देवनानी ने कलेक्टर को बताया कि फाॅयसागर रोड पर ना सीवरेज का काम अभी तक पूरा हो पाया है और न ही खोदी गई सड़कों की मरम्मत की गई है, जिससे छह इंच से लेकर एक-एक फीट तक के गड्ढे पूरे रोड पर पड़े हुए हैं। इस रोड पर लोग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। फायसागर मुख्य सड़क का सीवरेज कार्य आधा अधूरा कर छोड़ दिया गया है। रोड पर बड़े-बड़े गड्डे खोद कर छोड़ दिए गए हैं। फाॅयसागर रोड स्थित नवकार नगर, स्वास्तिक नगर, रावत नगर, वर्धमान विहार काॅलोनी में सड़कों को खोद दिया गया है और सीवरेज कार्य अधूरा पड़ा है। इसी प्रकार फाॅयसागर रोड स्थित पंकज नगर, जगदम्बा काॅलोनी और राज काॅलोनी में अभी सीवरेज कार्य शुरू भी नहीं किया गया।
अब सड़क को बताया जा रहा है खातेदारी व वन विभाग की
देवनानी ने बताया कि एक बड़ी परेशानी यह है कि विधायक कोष से जिला परिषद के माध्यम से जो सड़कें पहले बनी हैं, उन्हें अब खातेदारी की जमीन बताकर सड़कों की मरम्मत कराने या नई सड़कें बनाने से इंकार किया जा रहा है। फाॅयसागर रोड पर चामुंडा माता मंदिर की तरफ जाने वाली सड़क पहले विधायक कोष से बनाई गई, लेकिन अब उसे वन विभाग की जमीन बताया जा रहा है। इसी प्रकार वार्ड 73 में खातेदारी जमीन को वन विभाग की बताकर सड़क नहीं बनाई जा रही है, जबकि वह सड़क नागरिकों के लिए है।

error: Content is protected !!