*मानसिक और समग्र स्वास्थ्य के लिए सैर अत्यंत आवश्यक: डॉ. आकाश माथुर*

अजमेर, 22 सितंबर। “सैर मानसिक और समग्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल पाचन तंत्र और लिवर का स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि यह दिल के स्वास्थ्य में सुधार, तनाव को कम करने और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में भी मददगार साबित होती है,” निदान सेवा समिति के अध्यक्ष और क्षेत्रपाल हॉस्पिटल के गेस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. आकाश माथुर ने पंचशील नगर में आयोजित ‘सेहत के लिए सैर’ कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।
कार्यक्रम का आयोजन निदान सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसकी शुरुआत सीएसएम मॉल से हुई और यह सेंट स्टीफंस स्कूल तक सैकड़ों लोगों की सामूहिक सैर के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में पंचशील और आसपास के क्षेत्रों के लोग, खासकर महिलाएं, बच्चे और युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कुछ लोग व्हीलचेयर लेकर भी सैर में शामिल हुए।
कार्यक्रम के आयोजक और निदान सेवा समिति के अध्यक्ष, डॉ. माथुर ने बताया कि ‘सेहत के लिए सैर’ कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है, विशेषकर पाचन तंत्र और लिवर के स्वास्थ्य को लेकर। उन्होंने कहा कि नियमित सैर से न केवल पाचन क्रिया में सुधार होता है, बल्कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। साथ ही यह दिल की सेहत को सुधारता है, तनाव को कम करता है, और शरीर में ऊर्जा के स्तर को भी बढ़ाता है।
सैर से ब्लड शुगर को नियंत्रित किया जा सकता है, कैलोरी बर्न होती है, पैरों की मांसपेशियां टोन होती हैं, और प्रकृति के संपर्क में आने से रक्तचाप और तनाव कम होता है। डॉ. माथुर ने अधिकांश रोगों के लिए आधुनिक दोषपूर्ण जीवनशैली, अल्ट्रा प्रोसेस फूड, कार्बोनेटेड कोल्ड ड्रिंक्स, प्रदूषण और मिलावटी खाद्य पदार्थों को दोषी बताते हुए कहा कि यह भी कहा कि रोजमर्रा के जीवन में सैर को शामिल करने के छोटे-छोटे उपाय भी बड़े फायदे दे सकते हैं, जैसे गाड़ी दूर पार्क करना, लंच ब्रेक में टहलना या सीढ़ियों का इस्तेमाल करना।

डॉ माथुर ने कहा कि सैर मस्तिष्क स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है और ‘सेरोटोनिन’ व ‘एंडोर्फिन’ जैसे हार्मोनों को सक्रिय कर बेहतर मूड प्रदान करती है। डॉ. माथुर ने लिवर के महत्व पर बल देते हुए कहा कि लिवर हमारे शरीर का ‘अनदेखा हीरो’ है, जो पांच सौ से भी अधिक कार्य करता है और सैर लिवर के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करती है।
कार्यक्रम के बाद एक लॉटरी निकाली गई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी दिलीप पारीक ने किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

error: Content is protected !!