उत्कृष्ट प्रदर्शन पर श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ को मिला अकादमिक उत्कृष्टता सम्मान

सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ को मिला अकादमिक उत्कृष्टता सम्मान

ब्यावर। अजमेरु सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स एवं एन.ई.एल.एस. द्वारा आयोजित अकादमिक उत्कृष्टता सम्मान समारोह-2026 में श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ, ब्यावर को सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणामों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के अथक परिश्रम तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतीक है।
समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निवेदिता पाठक एवं शिक्षक श्री रोशन जैन को कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं शैक्षणिक उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान के लिए अकादमिक उत्कृष्टता सम्मान प्रदान किया गया।
इसके साथ ही सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विज्ञान संकाय से अर्नव गुप्ता, समकित मुणोत , सम्यक जैन, धैर्य मुरारका एवं सुनिधि जैन तथा वाणिज्य संकाय से मोक्षा बिनायकीया, ऋषिता सिसोदिया, थानिशा पंवार एवं राज्यवर्धन को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियों से संस्थान का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
विद्यालय के एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. आर. सी. लोढ़ा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि बोर्ड परीक्षा में प्राप्त यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का वास्तविक अर्थ निरंतर प्रगति और ज्ञानार्जन की प्रक्रिया को बनाए रखना है।
विद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी सम्मानित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ, ब्यावर भविष्य में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए प्रतिमान स्थापित करता रहेगा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!