बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और खुशियों से जुड़े सात प्रमुख सेवा कार्यक्रमों का करेंगे संचालन
अजमेर। विश्व के सबसे बड़े सेवा संगठन लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 ई-2 के प्रांतपाल लायन निशांत जैन ने लायंस क्लब अजमेर आस्था के सक्रिय सदस्य एवं चार्टर सदस्य (वर्ष 2001) लायन अतुल पाटनी को डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख सेवा प्रकल्प “मिशन मुस्कान” का प्रांतीय सभापति नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 1 जुलाई 2026 से 30 जून 2027 तक प्रभावी रहेगी।नियुक्ति के उपरांत लायन अतुल पाटनी ने कहा कि “मिशन मुस्कान केवल एक सेवा प्रकल्प नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का संकल्प है। हमारा प्रयास रहेगा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और खुशियों से जुड़ी सेवाएं पहुंचें।”
उन्होंने बताया कि मिशन मुस्कान के अंतर्गत वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के कल्याण के लिए सात प्रमुख कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें स्कूल किट वितरण, विशेष बच्चों के लिए फन डे कार्यक्रम, बाल शिक्षा प्रायोजन, यूनिफॉर्म एवं स्वच्छता किट वितरण, कैंसर से प्रभावित बच्चों के लिए सहयोग अभियान, अनाथ बच्चों के जन्मदिन समारोह तथा टॉय बैंक जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
लायन अतुल पाटनी ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन में खुशियां, आत्मविश्वास और बेहतर अवसरों का निर्माण करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लायंस परिवार के सहयोग से अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
लायंस परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने लायन अतुल पाटनी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मिशन मुस्कान को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।