केंद्र वर्ग से सुदृढ़ होता है संगठन और संस्कारों का प्रवाह: डॉ. स्वतंत्र शर्मा

विवेकानंद केंद्र के केंद्र वर्ग में योग, संस्कार, स्वाध्याय एवं खेल गतिविधियों का हुआ समन्वय

अजमेर। विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, शाखा अजमेर की ओर से रविवार को सुभाष उद्यान में केंद्र वर्ग का आयोजन किया गया। केंद्र वर्ग विवेकानंद केंद्र की कार्यपद्धति का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसमें योग, संस्कार, स्वाध्याय एवं सामूहिक गतिविधियों का समन्वित स्वरूप देखने को मिलता है। कार्यक्रम में विवेकानंद केंद्र के रामकृष्ण विस्तार, पृथ्वीराज विस्तार, दहारसेन विस्तार तथा विवेकानंद विस्तार के अंतर्गत संचालित विभिन्न योग वर्गों के कार्यकर्ताओं एवं साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति ने बताया कि केंद्र वर्ग के दौरान शिथिलीकरण अभ्यास, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं में उत्साह, समन्वय एवं सामूहिकता की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से गणेश स्पर्श, भस्मासुर, डमरू दौड़ तथा शेर-मानव-बंदूक जैसे रोचक एवं प्रेरणादायी खेलों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने “हम ऐसे चलते हैं” एक्शन सॉन्ग में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर प्रांत कार्यपद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र कुमार शर्मा ने कहा कि केंद्र वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में एकत्व, आत्मीयता और संगठनात्मक भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि विवेकानंद केंद्र संस्कारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य करने वाला संगठन है, जिसका मूल भाव अध्यात्म है तथा “अध्यात्म प्रेरित सेवा” ही विवेकानंद केंद्र के कार्य का आधार है। डॉ. शर्मा ने  कहा कि योग वर्गों में सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ केंद्र वर्गों में अधिकाधिक उपस्थिति सुनिश्चित करने से न केवल कार्य का विस्तार होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक संस्कारों के संप्रेषण का कार्य भी प्रभावी रूप से संपन्न होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे नियमित सामूहिक वर्गों के साथ-साथ सप्ताह में एक दिन अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के निवास पर अल्पाहार प्रवास, भोजन प्रवास तथा आवर्तन ध्यान जैसे कार्यक्रमों का आयोजन करें, जिससे केंद्र की कार्यपद्धति को समझने के साथ-साथ उसे व्यवहार में भी उतारा जा सके।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि पुष्कर कार्यस्थान से भी कार्यकर्ताओं ने सुभाष उद्यान पहुंचकर केंद्र वर्ग में सहभागिता की। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इनमें डॉ. मनीराम कुम्हार, ओमप्रकाश छापरवाल, गणपत सिंह, श्यामवीर सिंह, जितेंद्र गहलोत, कुशल उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में योग कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

केंद्र वर्ग का समापन राष्ट्रभाव, संगठन और सेवा के संकल्प के साथ वन्दे मातरम गीत के साथ किया गया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!