नन्हे हाथों ने बोए हरियाली के संस्कार, पौधों की सार-संभाल का लिया संकल्प

वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल में ग्रीन वीक के तहत पौधारोपण, नन्हीं बालिकाओं ने प्रकृति संरक्षण का दिया प्रेरक संदेश

ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल में ग्रीन वीक के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कक्षा 1 से 5 तक की नन्हीं बालिकाओं ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे रोपकर उन्हें नियमित रूप से सींचने, उनकी देखभाल करने तथा उन्हें विकसित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर हरियाली के रंग में रंगा नजर आया। हरे परिधानों में सजी नन्हीं बालिकाओं ने पौधारोपण के माध्यम से “गो ग्रीन” का संदेश दिया। परिसर में विभिन्न पौधों के बीच रंग-बिरंगे कनेर के पौधे भी लगाए गए। बालिकाओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान भी किया।

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का संस्कार बचपन से ही विकसित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना एक अच्छी शुरुआत है, लेकिन उसकी नियमित देखभाल करना ही वास्तविक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ प्रत्येक बालिका को अपने लगाए हुए पौधों की निरंतर सार-संभाल करने तथा उन्हें विकसित करने का संकल्प दिलाया गया।

विद्यालय के प्राचार्य अरविंद नाहर ने कहा कि प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव ही आने वाले समय में स्वच्छ और हरित भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने बालिकाओं से अपने घर और आसपास भी पौधारोपण कर उसकी देखभाल करने तथा समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हीं बालिकाओं में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण के संस्कार तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उन्हें सहेजकर वृक्ष बनाना उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज की यही छोटी पहल आने वाले कल की हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का आधार बनेगी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!