बिना आग के पकाए स्वाद, फायर लेस कुकिंग प्रतियोगिता में निखरी विद्यार्थियों की प्रतिभा

फ्रूट सलाद और फायर लेस कुकिंग प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाया पाक-कौशल, कल्पनाशीलता और प्रस्तुतीकरण का हुनर
ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, व्यवहारिक कौशल एवं पोषण संबंधी जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फायर लेस कुकिंग एवं फ्रूट सलाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक प्रस्तुतीकरण, पाक-कौशल और कल्पनाशीलता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कक्षा 3 से 5 तक आयोजित फ्रूट सलाद प्रतियोगिता में कक्षा 3 के शिवांश (ग्रुप A) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कक्षा 4 के नवीन (ग्रुप C) तथा तृतीय स्थान कक्षा 5 की कल्पना (ग्रुप B) ने हासिल किया।
वहीं कक्षा 6 से 8 तक आयोजित फायर लेस कुकिंग प्रतियोगिता में कक्षा 8 की कृतिका (ग्रुप B) प्रथम, कक्षा 8 की मरियम (ग्रुप A) द्वितीय तथा कक्षा 7 के अवनीत (ग्रुप A) तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन माला कांजानी एवं नीलम तंवर ने निर्णायक के रूप में किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, स्वच्छता की आदत, संतुलित आहार के प्रति जागरूकता तथा टीम भावना का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के बहुआयामी विकास के लिए सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ भी समान रूप से आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों में आत्मनिर्भरता, रचनात्मक सोच और व्यवहारिक जीवन कौशल विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएँ दीं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी निरंतर सीखने और नई गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने कहा कि शिक्षा तब सार्थक होती है, जब वह पुस्तकों के ज्ञान को जीवन के अनुभवों से जोड़ती है। फायर लेस कुकिंग जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को केवल व्यंजन बनाना नहीं सिखातीं, बल्कि निर्णय लेने की क्षमता, रचनात्मक सोच, टीमवर्क और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी देती हैं। यही अनुभव आगे चलकर उनके व्यक्तित्व की मजबूत नींव बनते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह, कल्पनाशीलता और नवाचार देखने योग्य रहा। यह प्रतियोगिता उनके लिए केवल पाक-कौशल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यवहारिक शिक्षा, स्वस्थ जीवनशैली और आत्मविश्वास विकसित करने का सार्थक अवसर बनी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!