हरियालो राजस्थान के अन्तर्गत करे अधिकतम पौधारोपण-जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु
अजमेर, 23 जुलाई। जिला निष्पादन समिति की बैठक गुरूवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा, विद्यालयी व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग को हरियालो राजस्थान के अन्तर्गत 7 लाख 75 हजार से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। मानसून की बारिश पुनः आरम्भ होने के साथ ही प्रत्येक विद्यालय में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण किया जाए। लगाए गए पौधों की सुरक्षा तथा सार सम्भाल के लिए दायित्व सौपें जाने चाहिए। इन पौधाें की जियो टैगिंग करके पोर्टल पर अपडेट करे।
उन्होंने कहा कि नामांकन में वृद्धि की जाए तथा गत वर्ष की तुलना में अधिक विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। विद्यालय जाने योग्य बच्चों का सर्वे गुणवत्ता युक्त होना चाहिए। अधिक नामांकन में कमी वाले विद्यालयों के कारणों का विश्लेषण किया जाए। छात्रों की संख्या के अनुसार अध्यापकों की नियमानुसार प्रतिनियुक्ति आवश्यकता वाले विद्यालयों में करनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जर्जर विद्यालय भवनों में विद्यार्थियों को नहीं बैठाया जाए तथा उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। साथ ही डीएमएफटी के माध्यम से निर्मित कक्षा-कक्षों का आवश्यकतानुसार हस्तांतरण कर शीघ्र उपयोग प्रारम्भ किया जाए। डीएमएफटी के माध्यम से स्वीकृत कार्यों को भी समयबद्ध रूप से शुरू कराया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि विद्यालयों में मिड-डे मील पूर्ण स्वच्छता एवं गुणवत्ता के साथ तैयार किया जाए। एमआईएस पोर्टल पर अपडेट नहीं करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के दौरान खेल मैदानों एवं अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों का उपखण्ड अधिकारियों के माध्यम से त्वरित निस्तारण करने तथा शिविरों में राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन के कार्य भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जलभराव रोकने एवं खेल मैदानों से संबंधित कार्यों के प्रस्ताव विकसित भारत-जीरामजी के माध्यम से भिजवाएं। पीएम श्री विद्यालयों के निरीक्षण पूर्ण कराए। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के लिए उपलब्ध टेबलेट्स का वितरण करने के साथ ही पोर्टल पर प्रविष्टि भी डालें। जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी प्रति सप्ताह कम से कम 5 विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। निर्वाचन साक्षरता क्लब की गतिविधियों को ऑनलाइन चढ़ाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।