अजमेर, 27 जुलाई। जिला कलक्टर श्री लोक बंधु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दिव्यांगों के चिह्निकरण कर अंग उपकरण वितरित करने के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। आगामी 2 से 4 अगस्त के चिह्निकरण शिविर के पश्चात राज्य सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वाधान में चयनित दिव्यांगों को अंग उपकरण वितरित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि जिले के सभी दिव्यांगों को आवश्यकता के अनुसार अंग उपकरण मिलने चाहिए। इसके लिए समस्त दिव्यांगों का ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में चिह्निकरण किया गया था। इसी प्रकार पूर्व में भी चिह्नित दिव्यांगों को अंग उपकरण वितरित किए गए थे। उस समय अंग उपकरण से वंचित रहे दिव्यांगों को इस बार अंग उपकरण आवश्यक रूप से मिलने चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के दौरान दिव्यांगों का चिह्निकरण किया गया था। फोलोअप कैम्पों में भी यह कार्य जारी रहेगा। इन चिह्नित दिव्यांगों के साथ-साथ पूर्व के वंचित दिव्यांगों से सम्पर्क कर अंग उपकरण के लिए चुना जाएगा। उन्हें आवश्यकतानुसार अंग उपकरण वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति द्वारा आगामी 2 से 4 अगस्त तक सूचना केन्द्र अजमेर में दिव्यांगों का अंग उपकरण के लिए चुनाव किया जाएगा। इनमें कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, केलीपर, ट्राई साईकिल एवं व्हील चेयर के लिए चुनाव होगा। इसके लिए दिव्यांगों को इस कैम्प में आकर नाप देना होगा। सुनने की मशीन, स्मार्ट ब्लांइड स्टीक, बुजुर्ग छड़ी, वैशाखी एवं वॉकर के लिए दिव्यांगों को इस कैम्प में आने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें आगामी वितरण शिविर में ये उपकरण मौके पर ही प्रदान किए जाएंगे। ट्राई-साईकिल, व्हील चेयर एवं कान की मशीन गत तीन वर्ष में नहीं लेने वालों को ही दी जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री जय प्रकाश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक श्री महेश शर्मा, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के प्रबंधक श्री सुरेश मेहरा, राजस्थान महिला कल्याण मंडल चाचियावास के प्राचार्य श्री भगवान सहाय शर्मा, सीफार के श्री सुबोध गुप्ता एवं श्री दीपक उपस्थित रहे।